अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रेस सेक्रेटरी केटी जकारिया अपने पद से हट गई है. व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी. दरअसल, जकारिया ने कुछ दिन पहले ही यह जिम्मेदारी संभाली थी. उनकी योग्यता को लेकर सवाल उठने और ट्रंप की ओर से पद पर बने रहने पर दोबारा विचार करने की सलाह दिए जाने के बाद यह घटनाक्रम सामने आया है.फॉक्स न्यूज ने व्हाइट हाउस के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि जकारिया प्रेस सेक्रेटरी की भूमिका से बाहर हो रही हैं.
ट्रंप ने कहा था- पद पर बने रहने के बारे में दोबारा सोचें
दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने व्हाइट हाउस से निकलते समय पत्रकारों से कहा कि उन्होंने जकारिया को इस पद पर बने रहने के बारे में दोबारा सोचने की सलाह दी थी. उन्होंने कहा कि यह काम मुश्किल है और इसमें खुश रहना आसान नहीं है.
ट्रंप ने कहा कि मैंने उनसे कहा कि मुझे लगता है कि आप खुश रहना चाहती हैं, लेकिन मुझे नहीं लगता कि इस काम में आप कभी खुश रह पाएंगी. यह काम आसान नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने जकारिया से पद पर बने रहने के फैसले पर फिर से विचार करने को कहा था.
यह भी पढ़ें: ट्रंप ने मिडटर्म चुनाव से पहले खेला बड़ा दांव, ट्रुथ सोशल से व्हाइट हाउस तक पहुंचीं केटी जकारिया
सोमवार को संभाला था पद, मंगलवार को थी पहली ब्रीफिंग
जकारिया ने सोमवार को प्रेस सेक्रेटरी की जिम्मेदारी संभाली थी. मंगलवार को उन्होंने व्हाइट हाउस में अपनी पहली प्रेस ब्रीफिंग की थी. केटी जकारिया ने बताया कि उन्हें पिछले बुधवार को इस पद के लिए फोन आया था. इसके बाद शुक्रवार को उन्हें कैरोलिन लेविट की जगह लेने का प्रस्ताव मिला. ट्रंप ने बाद में उनकी नियुक्ति की घोषणा की थी और उन्हें वकील बताया था.
जकारिया की शैक्षणिक योग्यता को लेकर भी सवाल उठे. उन्होंने कैलिफोर्निया के पेपरडाइन यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ लॉ से पढ़ाई की है. लेकिन इस बात पर सवाल किए गए कि क्या उन्होंने वकालत करने के लिए जरूरी बार परीक्षा पास की है. गुरुवार को फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में जकारिया ने स्वीकार किया कि उन्होंने बार परीक्षा पास नहीं की है. इसके बाद उनकी योग्यता को लेकर चर्चा तेज हो गई.
यह भी पढ़ें: 'अब गैस से भी हटेगा बैन...', रूस से डीजल समझौते पर ट्रंप पर भड़के जेलेंस्की
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी का पद अमेरिकी प्रशासन में संचार से जुड़ी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है. जकारिया ने सोमवार को काम शुरू किया था और कुछ ही दिनों बाद उनके पद से हटने की खबर सामने आई. फिलहाल, केटी जकारिया के अगले पद या व्हाइट हाउस में उनकी आगे की भूमिका के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
aajtak.in