फोन करके बाहर बुलाया और मार दी गोली! पश्चिम बंगाल में बीजेपी कार्यकर्ता की हत्या

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में बीजेपी के बूथ स्तर के कार्यकर्ता चंदन भल्ला की रविवार शाम कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस के मुताबिक, चंदन भल्ला की उम्र 46 साल थी और मौत की सही वजह पोस्टमार्टम के बाद सामने आएगी.

Advertisement
बीरभूम में बीजेपी बूथ कार्यकर्ता चंदन भल्ला की कथित गोली मारकर हत्या. (Representative Image) बीरभूम में बीजेपी बूथ कार्यकर्ता चंदन भल्ला की कथित गोली मारकर हत्या. (Representative Image)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 28 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 8:17 AM IST

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में रविवार शाम बीजेपी के बूथ स्तर के कार्यकर्ता चंदन भल्ला की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने बताया कि चंदन भल्ला की उम्र 46 साल थी.

बीरभूम के एसपी विदित राज भुंडेश ने कहा कि पहली नजर में ऐसा लगता है कि व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की गई है. उन्होंने बताया कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम जांच के बाद ही सामने आएगा. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement

चंदन भल्ला के परिवार के सदस्यों के अनुसार, घर से निकलने से पहले उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था. इसके बाद वह घर से बाहर चले गए. पुलिस अब उन परिस्थितियों की जांच कर रही है, जिनके बीच उनकी मौत हुई. साथ ही, पुलिस जिम्मेदार लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रही है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

बीजेपी के बोलपुर संगठनात्मक जिले के अध्यक्ष श्यामापद मंडल ने कहा कि चंदन भल्ला पार्टी के पुराने और सक्रिय कार्यकर्ता थे. श्यामापद मंडल ने कहा, 'यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे पार्टी कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई. हम चाहते हैं कि पुलिस प्रशासन 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करे.' पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है. हालांकि, कथित गोलीबारी के पीछे की वजह अभी तक सामने नहीं आई है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चंदन भल्ला को किसने फोन किया था और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई. मामले में आगे की जांच जारी है.

Advertisement

चाय पीने गए कार्यकर्ताओं पर हुआ था हमला 

इससे पहले  पश्चिम मिदनापुर में शनिवार सुबह चाय पीने गए बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमला किए जाने का मामला सामने आया था. घटना मिदनापुर सदर ब्लॉक के हातिहालका इलाके के कदमताल बाजार की थी. यह क्षेत्र खड़गपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में आता है, जहां टीएमसी के विधायक दिनेन रॉय चुनाव जीते थे. हमले में 40 वर्षीय शमशेर बिस्वास की मौत हो गई थी. वह बीजेपी के सोशल मीडिया कार्यकर्ता थे.

जानकारी के मुताबिक, स्थानीय बीजेपी नेता जफर बिस्वास चाय पीने के लिए हातिहालका के कदमताल बाजार पहुंचे थे. उनके साथ उनके भतीजे शमशेर बिस्वास और बीजेपी के कुछ अन्य कार्यकर्ता भी थे. आरोप था कि जैसे ही सभी लोग चाय की दुकान पर बैठे, कुछ अज्ञात लोगों ने लाठी और चाकू से अचानक हमला कर दिया.

हमला बढ़ता देख जफर बिस्वास मौके से भागने में कामयाब रहे थे, लेकिन उनके भतीजे शमशेर बिस्वास वहीं फंस गए थे. आरोप था कि हमलावरों ने पहले उन्हें बुरी तरह पीटा और फिर चाकू से हमला कर दिया था. घटना का काफी हिस्सा सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ था. काफी देर बाद शमशेर बिस्वास को किसी तरह मौके से निकाला गया था और मिदनापुर अस्पताल ले जाया गया था. वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »