पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के सोदेपुर इलाके में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई. सोदेपुर फ्यूचर गेट के सामने एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका पर चाकू से हमला कर दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और सड़क पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई.
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक सुबह सार्वजनिक सड़क पर हुए इस हमले को देखकर आसपास मौजूद लोग दोनों को रोकने के लिए आगे आए. हालांकि, बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों पर भी प्रेमी ने हमला कर दिया. अचानक हुए इस घटनाक्रम से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
वायरल हो रहे वीडियो में आरोपी युवक हाथ में चाकू लेकर युवती को धमकाते हुए उस पर हमला करता नजर आ रहा है. युवती खुद को बचाने की लगातार कोशिश करती दिखाई देती है. वीडियो में यह भी दिख रहा है कि जब आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोपी ने चाकू लहराकर उन्हें भी डराने की कोशिश की. इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में दहशत फैल गई.
बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों पर भी प्रेमी ने किया हमला
घटना की सूचना मिलने के बाद दोनों घायलों को मौके से सागर दत्ता अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई. मृतक महिला की पहचान करीब 40 वर्षीय गीता दास के रूप में हुई है. वहीं, करीब 45 वर्षीय सुभाष दास की हालत गंभीर बनी हुई है. उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सुबह व्यस्त सड़क पर हुई इस वारदात से स्थानीय लोग भी सहम गए. लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. सूचना मिलने पर खड़दह थाना पुलिस की बड़ी टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है.
अनुपम मिश्रा