'मैसेज आया अभिषेक को पद से हटा दूं तो...', ममता बनर्जी का दावा, दो निष्कासित TMC विधायकों पर भी भड़कीं

पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया है कि उन्हें ऐसा मैसेज मिला था, जिसमें अभिषेक बनर्जी को संगठन से हटाने पर कुछ नेताओं की वापसी की बात कही गई. वर्चुअल संबोधन में उन्होंने इस मैसेज को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पार्टी किसी दबाव में फैसला नहीं लेगी. इसके अलावा, दो निष्कासित विधायकों पर भी नाराजगी जताई और 2 जून के धरने की अनुमति न मिलने पर पुलिस पर सवाल उठाए.

Advertisement
ममता बनर्जी ने अभिषेक बनर्जी को पद से हटाने वाले मैसेज का दावा किया (File Photo) ममता बनर्जी ने अभिषेक बनर्जी को पद से हटाने वाले मैसेज का दावा किया (File Photo)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 01 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:15 PM IST

पश्चिम बंगाल की राजनीति में सोमवार को एक नया विवाद सामने आया, जब पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया कि उन्हें एक मैसेज मिला था. इसमें अभिषेक बनर्जी को संगठन के नेतृत्व से हटाने की शर्त पर कुछ नेताओं की पार्टी में वापसी की बात कही गई थी. सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं व समर्थकों को वर्चुअली संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने बताया कि उन्होंने इस शर्त को सिरे से खारिज कर दिया है. इसके साथ ही उन्होंने हाल ही में निकाले गए विधायकों पर नाराजगी जताई और कोलकाता में 2 जून के प्रस्तावित धरने की अनुमति न मिलने पर दिल्ली में अकेले प्रदर्शन करने का एलान किया. उन्होंने कहा कि राज्य में इस वक्त पूरी तरह पुलिस राज चल रहा है.

Advertisement

ममता बनर्जी ने साफ शब्दों में कहा कि 'मैं इन लोगों को बहुत अच्छे से जानती हूं. जिन लोगों की कोई विचारधारा या सिद्धांत नहीं होता, वे हमें अपनी शर्तें नहीं बता सकते.' उन्होंने साफ किया कि टीएमसी किसी के दबाव में आकर फैसले लेने वाली पार्टी नहीं है.

दो निष्कासित विधायकों पर भड़कीं ममता

यह बयान ऐसे समय आया है जब टीएमसी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में दो विधायकों को निष्कासित कर दिया है. इस मुद्दे पर बोलते हुए ममता ने रीताब्रत बनर्जी पर सीधा निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जब रीताब्रत 2017 में CPI(M) से निकाले जाने के बाद टीएमसी में आए थे, तब दूसरों का टिकट काटकर उन्हें मौका दिया गया था. लेकिन अब उन्होंने जनता के भरोसे को तोड़ा है.

ममता ने कहा कि 'हमें खुशी है कि ऐसे लोग चले गए, क्योंकि वे कभी हमारी ताकत नहीं थे. अब संगठन को नए सिरे से मजबूत किया जाएगा.' उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता सालों तक पद व सत्ता का सुख भोगने के बाद अपने निजी स्वार्थ के लिए दल बदल रहे हैं.

Advertisement

इसी राजनीतिक उठापटक के बीच सोमवार को ममता बनर्जी के आवास पर होने वाली विधायकों की एक अहम बैठक को रद्द करना पड़ा. इस बैठक में शामिल होने के लिए 80 में से केवल 20 विधायक ही पहुंचे थे. इस पर TMC प्रमुख ने आरोप लगाया कि विरोधी दल पुलिस का इस्तेमाल करके उनके विधायकों को डरा रहे हैं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से जबरन इस्तीफे दिलवाए जा रहे हैं.

'आखिरी समय पर रोक लगाना ठीक नहीं'

धरने पर लगी रोक को लेकर ममता बनर्जी ने कहा कि टीएमसी ने पुलिस को पहले ही पत्र भेज दिया था. उनका कहना था कि अगर प्रशासन को तय जगह से कोई आपत्ति थी, तो दूसरी जगह का सुझाव दिया जा सकता था. उनके मुताबिक, कार्यक्रम पहले से तय था, ऐसे में आखिरी समय पर इस तरह रोक लगाना बिल्कुल ठीक नहीं है.

उन्होंने बताया कि यह धरना टीएमसी नेताओं पर हुए हालिया हमलों के खिलाफ था. उनका दावा है कि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी व सांसद कल्याण बनर्जी को जानबूझकर निशाना बनाया गया है. इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को डराने तथा कमजोर करने की कोशिश की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »