गंगा एक्सप्रेसवे पर थार-स्कॉर्पियो से स्टंटबाजी करने वाले 4 रईसजादे गिरफ्तार, गाड़ियां भी सीज, हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए

मेरठ के खरखौदा क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा पर रॉन्ग साइड गाड़ी चढ़ाकर खतरनाक स्टंट करने और रील बनाने का मामला सामने आया है. टोल कर्मियों से बदतमीजी कर बिना टैक्स दिए भागने वाले इन रईसजादों के खिलाफ पुलिस ने सख्त एक्शन लेते हुए चार आरोपियों को दबोच लिया है.

Advertisement
मेरठ में स्टंटबाजों पर एक्शन (Photo- ITG) मेरठ में स्टंटबाजों पर एक्शन (Photo- ITG)

उस्मान चौधरी

  • मेरठ,
  • 29 मई 2026,
  • अपडेटेड 3:47 PM IST

Uttar Pradesh News: मेरठ के गंगा एक्सप्रेसवे पर रईसजादों ने अपनी गाड़ियों से लापरवाही और खतरनाक तरीके से करीब 200 मीटर तक रॉन्ग साइड स्टंटबाजी की. आरोपियों ने इस दौरान रील और फोटो बनाने के साथ ही टोल कर्मियों से अभद्रता की और टोल टैक्स देने से मना कर दिया. थाना खरखौदा क्षेत्र के खड़खड़ी टोल प्लाजा के प्रोजेक्ट मैनेजर अमित केतकर की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा पंजीकृत किया. इसके बाद तीन स्पेशल पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए गाड़ियों को ट्रेस कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिसिया एक्शन के बाद आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए. 

Advertisement

थार और स्कॉर्पियो से एक्सप्रेसवे पर मचाया हुड़दंग

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था. आरोपी अपनी लग्जरी गाड़ियों को खतरनाक तरीके से दौड़ा रहे थे. टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता की. वे बिना टोल टैक्स चुकाए गाड़ियां दौड़ाते हुए फरार हो गए थे, जिससे एक्सप्रेसवे पर चल रहे अन्य वाहनों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा हो गया था.

सीसीटीवी से खुले राज, चार आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

थाना खरखौदा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल तीन टीमों का गठन किया. पुलिस टीमों ने टोल प्लाजा और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज की मदद से स्टंट में शामिल चारों गाड़ियों की पहचान की गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तानिष्क, हर्ष, युवराज और विक्रांत नामक चार आरोपियों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस इन सभी को पकड़कर थाना परिसर लेकर आई, जहां उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई.

Advertisement

स्टंटबाजी में इस्तेमाल चारों गाड़ियां जब्त

पुलिस ने आरोपियों को दबोचने के साथ ही स्टंटबाजी में इस्तेमाल की गईं चारों लग्जरी गाड़ियां भी जब्त कर ली हैं. जब्त किए गए वाहनों में एक सफेद महिन्द्रा स्कॉर्पियो, ब्लैक महिन्द्रा थार, लाल रंग की हुंडई वर्ना और एक ब्लैक महिन्द्रा स्कॉर्पियो शामिल हैं. पुलिस ने इन सभी गाड़ियों को सीज कर दिया है.

एसपी देहात ने दी कड़ी कार्रवाई की जानकारी

मामले में मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि खरखौदा क्षेत्र का एक वीडियो प्रकाश में आया था, जिसमें गाड़ियां कट से चढ़कर गंगा एक्सप्रेसवे पर स्टंटबाजी कर रही थीं. इसका तत्काल संज्ञान लेकर मुकदमा दर्ज किया गया था. सीसीटीवी फुटेज से गाड़ियों के नंबरों को आईडेंटिफाई करके उन्हें सीज किया जा चुका है. पकड़े गए चालकों के विरुद्ध पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »