'मामा से कह दो मुझे यहां से ले जाएं... ये लोग मुझे मार देंगे...' ये उन आखिरी बातों में से एक बताई जा रही है, जो मेरठ की 17 साल की लड़की ने अपनी मौसी से फोन पर कही थीं. लेकिन उससे पहले कि कोई उसे वहां से निकाल पाता, अचानक उसकी मौत की खबर आ गई. आरोप है कि पिता ने इतनी जल्दी अंतिम संस्कार कर दिया कि रिश्तेदार आखिरी बार चेहरा भी नहीं देख पाए.
दरअसल, मेरठ में एक पिता पर अपनी दूसरी पत्नी के साथ मिलकर नाबालिग बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है. पुलिस ने आरोपी पिता और सौतेली मां दोनों को हिरासत में ले लिया है.
ये मामला मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र की गोकुलधाम सोसाइटी का है. यहां रहने वाले कपिल की शादी साल 2009 में हापुड़ की प्रीति से हुई थी. दोनों के दो बच्चे हुए. एक बेटी और बेटा. लेकिन साल 2017 में प्रीति की मौत हो गई. आरोप है कि पत्नी की मौत के सिर्फ छह महीने बाद कपिल ने पिंकी नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली.
मृतक लड़की के मामा भूपेंद्र शर्मा का आरोप है कि दूसरी शादी के बाद से ही कपिल और उसकी दूसरी पत्नी दोनों बच्चों को प्रताड़ित करने लगे थे. बेटी के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार होता था. लड़की कई बार मदद की गुहार लगा चुकी थी.
यह भी पढ़ें: ₹25 लाख, जमीन और स्कॉर्पियो... दहेज की मांग पूरी न होने पर मां और 4 साल की बेटी की हत्या
परिवार के मुताबिक सोमवार रात खुशी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. आरोप है कि पिता कपिल ने बिना किसी करीबी रिश्तेदार को बताए मंगलवार को गढ़मुक्तेश्वर में बेटी का अंतिम संस्कार भी कर दिया. इसी बीच किसी ने मृतका के मामा भूपेंद्र शर्मा को फोन करके बताया कि उनकी भांजी की मौत हो गई है. मामा और मामी जब मेरठ पहुंचे, तब तक सब खत्म हो चुका था. ना बेटी का चेहरा देख पाए, ना आखिरी बार बात कर पाए.
मामा ने सीधे-सीधे हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की. इसके बाद पुलिस हरकत में आई. आरोपी पिता कपिल को हिरासत में लिया गया. बाद में उसकी दूसरी पत्नी पिंकी को भी पुलिस ने पकड़ लिया.
मृतका की उम्र 17 साल थी. वह 12वीं में पढ़ती थी. मृतका के मामा भूपेंद्र शर्मा ने दावा किया कि भांजी पिछले करीब चार साल से प्रताड़ना झेल रही थी. उन्होंने पुलिस को कुछ कॉल रिकॉर्डिंग भी सौंपी हैं. इन रिकॉर्डिंग्स में लड़की अपनी मौसी से मदद मांगती सुनाई दे रही है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
पूरे मामले को लेकर एसपी ने क्या कहा?
मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने कहा कि हापुड़ के रहने वाले व्यक्ति ने सूचना दी थी कि उनकी भांजी की हत्या उसके पिता और सौतेली मां ने कर दी है. इस बारे में पता चला कि मृतका का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है. दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया है. केस दर्ज कर लिया गया है.
इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. पिता के द्वारा बेटी पर कई आरोप लगाए जाते थे. मृतका के मामा ने पुलिस को कई कॉल रिकॉर्डिंग भी दी हैं. जिसमें लड़की अपनी मौसी से बोल रही है कि 'मामा से कह दो, वो मुझे आकर यहां से ले जाएं. ये लोग मुझे मार देंगे.'
उस्मान चौधरी