देवरिया में तत्काल टिकट को लेकर बवाल, दलालों ने युवक को पीटा...सिपाही को दांत काटकर भागे

देवरिया के भाटपाररानी रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट के लिए लाइन में लगे युवक रोहित कुशवाहा की कथित दलालों ने जमकर पिटाई कर दी. विवाद के दौरान युवक को लाइन से खींचकर मारपीट की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं. सूचना पर पहुंचे जीआरपी सिपाही से भी आरोपियों ने हाथापाई की और उसके हाथ में दांत काटकर फरार हो गए.

Advertisement
देवरिया में तत्काल टिकट को लेकर बवाल. (Photo: Screengrabs) देवरिया में तत्काल टिकट को लेकर बवाल. (Photo: Screengrabs)

राम प्रताप सिंह

  • देवरिया,
  • 15 जून 2026,
  • अपडेटेड 3:21 PM IST

देवरिया जिले के भाटपाररानी रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट को लेकर शनिवार रात जमकर हंगामा हुआ. टिकट के लिए लाइन में लगे एक युवक को दलालों ने लाइन से खींचकर बेरहमी से पीट दिया. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे जीआरपी (GRP) के सिपाही के साथ भी आरोपियों ने हाथापाई की और उसके हाथ में दांत काटकर फरार हो गए. पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

Advertisement

जानकारी के अनुसार, भाटपाररानी थाना क्षेत्र के खडेसर पश्चिम टोला निवासी रोहित कुशवाहा तत्काल टिकट लेने के लिए शनिवार दिन में ही स्टेशन पहुंचकर लाइन में लग गया था. उसका कहना है कि अगले दिन सुबह टिकट मिलने की उम्मीद में वह लाइन में अपनी बारी का इंतजार कर रहा था. इसी दौरान रात करीब साढ़े दस बजे दो युवक वहां पहुंचे. इनमें से एक ने अपना नाम प्रताप यादव बताया. लाइन में आगे लगने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया.

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों युवकों ने रोहित को लाइन से खींच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. मारपीट इतनी गंभीर थी कि रोहित के हाथ में गंभीर चोट आ गई और उसका कंधा भी प्रभावित हुआ. पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने और बाहर देख लेने की धमकी भी दी.

Advertisement

स्टेशन परिसर में हंगामे की सूचना मिलते ही जीआरपी का एक सिपाही मौके पर पहुंचा और दो आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया. लेकिन आरोपियों ने पुलिसकर्मी से भी झड़प शुरू कर दी. इस दौरान उन्होंने सिपाही के हाथ में दांत काट लिया और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए. घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई.

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मामले को गंभीर मानते हुए भाटपाररानी रेलवे स्टेशन के सहायक स्टेशन अधीक्षक रूपेश जायसवाल ने जीआरपी और आरपीएफ को लिखित शिकायत भेजी है. अपने मेमो में उन्होंने उल्लेख किया है कि स्टेशन परिसर में आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, जबकि वहां सुरक्षा बलों की मौजूदगी रहती है. उन्होंने कहा कि यदि ऐसी गतिविधियों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो किसी दिन बड़ी अनहोनी हो सकती है.

फिलहाल जीआरपी ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो की जांच के साथ आरोपियों की तलाश में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »