मैदान पर लौटते ही 'कोच' बने विराट कोहली, कप्तान शुभमन गिल को 30 मिनट तक दी 'स्पेशल क्लास'

टी20 सीरीज में टीम इंडिया की दुर्गति के बाद शुभमन गिल के सामने वनडे सीरीज में भारत को जीत की राह पर लौटाने की चुनौती है. विराट कोहली का करीब 30 मिनट तक शुभमन गिल के साथ बल्लेबाजी और रणनीति पर चर्चा करना टीम इंडिया के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है.

Advertisement
विराट कोहली बल्ले से धूम मचाने को तैयार. (Photo: Screebgrab/X) विराट कोहली बल्ले से धूम मचाने को तैयार. (Photo: Screebgrab/X)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • बर्मिंघम,
  • 12 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 2:03 PM IST

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 0-4 की शर्मनाक हार के बाद अब टीम इंडिया की नजरें वनडे सीरीज में पलटवार पर है. तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 14 जुलाई से होगा. वनडे सीरीज के लिए रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की वापसी से भारतीय टीम को मजबूती मिली है.

शनिवार को बर्मिंघम में टीम इंडिया के प्रैक्टिस सेशन के दौरान एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला. पूर्व कप्तान विराट कोहली करीब 30 मिनट तक वनडे कप्तान शुभमन गिल को बल्लेबाजी के गुर सिखाते नजर आए. कोहली इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई सीरीज के बाद पहली बार टीम इंडिया की जर्सी में मैदान पर उतरेंगे. चोट के कारण वह अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं खेल सके थे. लंबे ब्रेक के बाद वापसी कर रहे कोहली ने पहले ही प्रैक्टिस सेशन में जमकर पसीना बहाया.

Advertisement

TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय टीम ने शनिवार को करीब दो घंटे तक अभ्यास किया. इस दौरान कोहली और शुभमन गिल के बीच लगभग आधे घंटे तक लंबी बातचीत हुई. पूर्व भारतीय कप्तान ने गिल के साथ शॉट सेलेक्शन, बल्लेबाजी की रणनीति और इंग्लैंड के गेंदबाजों से निपटने के तरीकों पर चर्चा की. इस दौरान कोहली सिर्फ गिल से बातचीत करते नजर नहीं आए, बल्कि उन्होंने नेट्स में कई तरह के शॉट खेलकर भी दिखाए. गिल ने ध्यान से उनकी बातों को सुना और बल्लेबाजी से जुड़ी बारीकियों को समझने की कोशिश की. इंग्लैंड में पहली बार वनडे टीम की कप्तानी करने जा रहे गिल के लिए कोहली का अनुभव बेहद अहम साबित हो सकता है.

कोहली बड़ा रिकॉर्ड बनाने के करीब
विराट कोहली को इंग्लैंड की परिस्थितियों का जबरदस्त अनुभव है. उन्होंने इंग्लैंड में अब तक 33 वनडे इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 51.88 की औसत से 1349 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 12 अर्धशतक शामिल रहे. कोहली के पास इस सीरीज में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा. कोहली ओडीआई क्रिकेट में 15 हजार रन पूरे करने के करीब हैं. तीन मैचों की सीरीज में अगर वो 2023 रन बनाते हैं, तो वो इस मुकाम तक पहुंच जाएंगे.

Advertisement

वहीं, शुभमन गिल के लिए इंग्लैंड दौरा नई परीक्षा लेकर आया है. हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ गिल का रिकॉर्ड शानदार है. उन्होंने इंग्लिश टीम के खिलाफ अब तक चार वनडे इंटरनेशनल मुकाबले में 67 की औसत से 268 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से तीन बार 50 या उससे ज्यादा का स्कोर निकला है. इंग्लैंड के खिलाफ अपने पिछले मैच में गिल ने 102 गेंदों पर 112 रनों की शानदार पारी खेली थी.

रोहित ने भी नेट्स में उड़ाया गर्दा
टीम इंडिया के पहले प्रैक्टिस सेशन में रोहित शर्मा भी पूरे रंग में नजर आए. उन्होंने नेट्स में लंबे समय तक बल्लेबाजी की और इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए अपनी तैयारियों को धार दी. वहीं, जसप्रीत बुमराह और गुरनूर बरार ने बल्लेबाजों के खिलाफ जमकर गेंदबाजी की. दोनों तेज गेंदबाजों ने ऐसी गेंदों पर खास ध्यान दिया, जो पिच पर पड़ने के बाद तेजी से उछाल हासिल कर रही थीं.

स्पिनर कुलदीप यादव ने भी नेट्स में लंबा अभ्यास किया. भारतीय बल्लेबाजों को इंग्लिश परिस्थितियों के मुताबिक तैयार करने के लिए स्थानीय स्पिन गेंदबाजों की भी मदद ली गई. प्रैक्टिस सेशन के दौरान फील्डिंग कोच टी. दिलीप, स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले और थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट दयासागर भी मौजूद रहे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »