भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप का ग्रैंड फिनाले आज (8 मार्च) है. यह मुकाबला अहमदाबाद में दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होना है.
T20 वर्ल्ड कप फाइनल से एक दिन पहले भारत और न्यूजीलैंड के कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई. खिताबी मुकाबले से पहले दोनों टीमों के कप्तानों के बयान चर्चा में हैं.
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने कहा कि अगर उनकी टीम भारत को 220 रन के आसपास रोकने में कामयाब रहती है तो मुकाबला बराबरी का हो सकता है. इस पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पलटवार करते हुए कहा- झूठ बोल रहा है.
किसी भी फाइनल से पहले माहौल स्वाभाविक रूप से काफी दबाव भरा होता है. सिर्फ एक मैच जीत और हार के बीच का फर्क तय करता है. अगर बात ICC T20 वर्ल्ड कप के फाइनल की हो तो दबाव और भी बढ़ जाता है. पिछले दो साल में शानदार प्रदर्शन के कारण भारतीय टीम को खिताब का मजबूत दावेदार माना जा रहा है. हालांकि न्यूजीलैंड को भी हल्के में नहीं लिया जा सकता.
यह भी पढ़ें: अहमदाबाद में T20 वर्ल्ड कप फाइनल का महाइम्तिहान! ICC टूर्नामेंट में भारत की 30 में 28 जीत, 2 बार यहीं टूटा दिल
253 रन के बाद सैंटनर की रणनीति
भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में 253/7 का विशाल स्कोर बनाया था. इसी को ध्यान में रखते हुए सेंटनर ने कहा कि अगर उनकी टीम भारत को 250 की जगह 220 रन तक रोक सके तो मुकाबला दिलचस्प बन सकता है.सैंटनर ने कहा- अगर पिच पिछली रात की तरह फ्लैट रही तो भारत को 250 के बजाय 220 रन तक रोकना हमें मैच में अच्छी स्थिति दे सकता है.
सूर्या ने दिया गजब का जवाब
जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में सेंटनर के इस बयान पर सूर्यकुमार यादव से सवाल पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा- झूठ बोल रहा है. हम अच्छी बल्लेबाज़ी करने की कोशिश करेंगे. अगर 225 या 250 बनते हैं तो अच्छा है. लेकिन कई बार पिच अलग होती है, इसलिए उसी हिसाब से खेलना पड़ता है. उन्होंने यह भी साफ किया कि भारतीय टीम ड्रेसिंग रूम में बैठकर पहले से यह तय नहीं करती कि कितना स्कोर बनाना है. हम पहले से नहीं सोचते कि इतने रन बनाने हैं. पिच जो मांग करती है, उसी के हिसाब से खेलते हैं. T20 वर्ल्ड कप के फाइनल से पहले दोनों टीमों के बीच यह हल्की-फुल्की जुबानी जंग मुकाबले के रोमांच को और बढ़ा रही है.
aajtak.in