Auqib Nabi: टीम इंड‍िया की जर्सी में खेलेगा ये कश्मीरी पेसर, सौरव गांगुली ने की भव‍िष्यवाणी, अगरकर-BCCI से की ये ड‍िमांड

रणजी ट्रॉफी फाइनल में जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान खींचा है. अब तक इस रणजी सीजन में 60 विकेट लेने वाले इस पेसर की तारीफ करते हुए सौरव गांगुली ने कहा कि वह जल्द ही भारत के लिए खेलते नजर आ सकते हैं. फाइनल में उनकी घातक गेंदबाजी से टीम ने कर्नाटक पर मजबूत बढ़त बना ली.

Advertisement
दादा को दिखा ‘नेशनल कलर’ वाला टैलेंट, आकिब नबी पर बड़ा बयान (Photo: PTI) दादा को दिखा ‘नेशनल कलर’ वाला टैलेंट, आकिब नबी पर बड़ा बयान (Photo: PTI)

aajtak.in

  • नई‍ द‍िल्ली,
  • 27 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 5:29 PM IST

भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) ने आकिब नबी (Auqib Nabi) की जमकर सराहना करते हुए कहा है कि यह तेज गेंदबाज नेशनल टीम की जर्सी पहनने की राह पर है.

जम्मू-कश्मीर ने अपने पहले रणजी फाइनल में 8 बार की चैम्प‍ियन कर्नाटक के खिलाफ दमदार प्रदर्शन कर इतिहास रच दिया है. इस मुकाबले में  आकिब नबी की घातक गेंदबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया.

Advertisement

इस सीजन में अब तक 60 विकेट झटक चुके इस पेसर ने फाइनल की पहली पारी में 54 रन देकर 5 विकेट लिए. उनकी इस शानदार गेंदबाजी की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने हुबली में खेले जा रहे मुकाबले में कर्नाटक को 93.3 ओवरों में 293 रनों पर समेट दिया.

इससे पहले जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में विशाल 584 रन बनाकर मैच पर मजबूत पकड़ बनाई थी. जवाब में चौथे दिन 220/5 से आगे खेलते हुए कर्नाटक की टीम आखिरी पांच विकेट सिर्फ 73 रन जोड़कर गंवा बैठी और जम्मू-कश्मीर को 291 रनों की अहम बढ़त मिल गई.

आकिब ने कर्नाटक के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (160) को आउट कर मैच में निर्णायक झटका दिया. उन्होंने शिखर शेट्टी का विकेट भी लेकर विपक्ष की उम्मीदें तोड़ दीं.

गांगुली ने सोशल मीडिया पर लिखा कि जम्मू-कश्मीर की टीम ने दुनिया को दिखा दिया है कि मेहनत और इरादे क्या कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियां मजबूत खिलाड़ी तैयार करती हैं और यह टीम पूरे क्षेत्र को गर्व महसूस करा रही है. उन्होंने संकेत दिया कि आकिब के लिए इंग्लैंड दौरा इंटरनेशनल करियर की शुरुआत हो सकता है.

Advertisement

पूर्व कप्तान ने इस पोस्ट में BCCI (Board of Control for Cricket in India) को टैग करते हुए चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया का भी ध्यान इस तेज गेंदबाज की ओर दिलाया.

जम्मू-कश्मीर का यह प्रदर्शन सिर्फ एक मैच की कहानी नहीं, बल्कि भारतीय घरेलू क्रिकेट में उभरती नई ताकत का संकेत है. अब निगाहें इस बात पर हैं कि क्या यह रफ्तार जल्द ही इंटरनेशनल लेवल पर भी दिखाई देगी. 29 साल के आकिब इस रणजी फाइनल से पहले तक 40 फर्स्ट क्लास मैचों में 151 व‍िकेट झटक चुके हैं.  

चौथे दिन का खेल खत्म होने तक जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक पर शिकंजा कस दिया है. पहली पारी में 584 रन बनाने के बाद 293 पर कर्नाटक को समेटने वाली जम्मू-कश्मीर की टीम ने दूसरी पारी में 57 ओवर में 186/4 रन बना लिए हैं और कुल बढ़त 477 रन की हो चुकी है. कामरान इकबाल 94 रन बनाकर शतक के करीब हैं, जबकि साहिल लोटरा 16 रन पर नाबाद हैं. कर्नाटक की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा को 2 सफलताएं मिली हैं.  

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement