आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में शनिवार (14 अक्टूबर) को भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला जाना है. दोनों टीमों के बीच यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दोपहर दो बजे से शुरू होगा. इस ब्लॉकबस्टर मैच में भारतीय टीम की कप्तानी रोहित शर्मा करेंगे, वहीं बाबर आजम के कंधों पर पाकिस्तान टीम का दारोमदार रहेगा. भारत और पाकिस्तान ने अपने-अपने शुरुआती दो मैचों में दमदार जीत हासिल की थी. ऐसे में दोनों टीमों के खिलाड़ी आत्मविश्वास से लबरेज हैं.
टॉस हारना भारत के लिए फायदे का सौदा!
वैसे मेजबान फैन्स को पूरी उम्मीद है कि भारत इस मुकाबले को जीतकर पाकिस्तान के खिलाफ अपने रिकॉर्ड को 8-0 करेगा. आपको बता दें कि पाकिस्तानी टीम ने ओडीआई वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ अबतक सात मैच खेले हैं और सभी में उसे हार का सामना करना पड़ा. इसके चलते पाकिस्तान टीम पर थोड़ा बहुत मनोवैज्ञानिक दबाव जरूर होगा.
कप्तान रोहित शर्मा यदि इस मुकाबले में टॉस हारते हैं तो यह टीम इंडिया के लकी साबित हो सकता है. मौजूदा वर्ल्ड कप में अबतक जो 11 मैच खेले गए हैं, उसमें टॉस जीतने वाली टीम को आठ मौकों पर हार मिली है. रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में भी टॉस भले नहीं जीत पाए थे, लेकिन भारतीय टीम उन दोनों मैच को जीतने में सफल रही थी.
शाहीन-हसन का शुरुआती स्पैल काफी अहम
भारतीय ओपनर्स की कोशिश शाहीन आफरीदी और हसन अली के खिलाफ शुरुआती ओवर्स में सतर्कतापूर्वक बैटिंग करने की होगी. वैसे ये देखना होगा कि इस मैच में शुभमन गिल खेल पाते हैं या नहीं. गिल ने एशिया कप के दौरान शाहीन आफरीदी की जमकर खबर ली थी और पावरप्ले में आधा दर्जन चौके लगाए थे. पुल शॉट खेलने में माहिर गिल अपने वर्चस्व को फिर से स्थापित करना चाहेंगे, जिससे कि कोहली, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल जैसे खिलाड़ियों के लिए मजबूत मंच तैयार हो.
पाकिस्तानी स्पिनर्स पर करना होगा अटैक
पाकिस्तान की स्पिन डिपार्टमेंट कमजोर दिख रही है. पाकिस्तान के उप-कप्तान शादाब खान ने दो मैच में 16 ओवरों में 100 रन दिए हैं और वह भारतीय बल्लेबाजों के लिए आसान लक्ष्य हो सकते हैं. दूसरे स्पिनर को भी नहीं भूलना चाहिए जो अब तक पाकिस्तान की कमजोर कड़ी रहा है. ऐसे में भारतीय बल्लेबाज पाकिस्तानी स्पिनर्स के खिलाफ जमकर रन बरसान चाहेंगे.
क्लिक करें- पाकिस्तान के खिलाफ खेलेंगे शुभमन गिल? रोहित शर्मा ने दिया बड़ा अपडेट
पाकिस्तान के विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान ने श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था और अब्दुल्ला शफीक ने अपना क्लास दिखाया. सऊद शकील किसी भी दिन मैच का रुख बदल सकते हैं, लेकिन पाकिस्तान की बल्लेबाजी उसके कप्तान बाबर आजम पर निर्भर है. कुलदीप यादव के साथ बाबर की भिड़ंत रोमांचक होगी. बाएं हाथ के कलाई के इस स्पिनर की लेग-ब्रेक ने 2019 के वर्ल्ड कप के दौरान बाबर को परेशानी में डाल दिया था.
बुमराह-सिराज को चटकाने होंगे विकेट
कुलदीप यादव बीच में खराब फॉर्म से जूझ रहे थे, लेकिन अब फिर लय में लौट चुके हैं और बाबर ब्रिगेड को परेशान कर सकते हैं. कोलंबो में एशिया कप मैच इसका उदाहरण है. हालांकि कुलदीप तक पहुंचने के लिए पाकिस्तान को जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के शुरुआती स्पैल से निपटना होगा. बुमराह ने अफगानिस्तान के खिलाफ घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए थे.
भारत अब जिस एकमात्र सवाल का जवाब चाहता है वह यह है कि रविचंद्रन अश्विन को खिलाया जाए या शार्दुल ठाकुर को क्योंकि दोनों ही आठवें नंबर पर खेलने के दावेदार हैं. यदि पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल है तो शार्दुल बेहतर विकल्प हैं, लेकिन अगर गेंद थोड़ी भी रुककर आती है तो लंबी बाउंड्रीज होने के चलते अश्विन अधिक कारगर विकल्प होंगे.
भारत-पाकिस्तान (H2H)
टेस्ट मैच: 59, पाकिस्तान जीता-12, भारत जीता-9, ड्रॉ- 38
वनडे इंटरनेशनल: 134, पाकिस्तान जीता- 73, भारत जीता- 56, बेनतीजा- 5
टी20 इंटरनेशनल: 12, भारत जीता- 9, पाकिस्तान जीता- 3
भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या (उप-कप्तान), रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, जसप्रित बुमराह, मोहम्मद सिराज, शुभमन गिल, रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद शमी, सूर्यकुमार यादव.
पाकिस्तानी टीम: अब्दुल्ला शफीक, इमाम उल हक, बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), सऊद शकील, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, हसन अली, शाहीन आफरीदी, हारिस रऊफ, आगा सलमान, फखर जमां, उस्मा मीर, मोहम्मद वसीम जूनियर.
भारतीय टीम का वर्ल्ड कप शेड्यूल
8 अक्टूबर vs ऑस्ट्रेलिया, चेन्नई (भारतीय टीम 6 विकेट से जीती)
11 अक्टूबर vs अफगानिस्तान, दिल्ली (भारतीय टीम 8 विकेट से जीती)
14 अक्टूबर vs पाकिस्तान, अहमदाबाद
19 अक्टूबर vs बांग्लादेश, पुणे
22 अक्टूबर vs न्यूजीलैंड, धर्मशाला
29 अक्टूबर vs इंग्लैंड, लखनऊ
2 नवंबर vs श्रीलंका, मुंबई
5 नवंबर vs साउथ अफ्रीका, कोलकाता
12 नवंबर vs नीदरलैंड्स, बेंगलुरु
aajtak.in