IND vs AFG ODI: धर्मशाला में शनिवार (13 जून) से शुरू होने वाली भारत-अफगानिस्तान वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया के प्लेइंग कॉम्बिनेशन को लेकर कई अहम संकेत मिले हैं. चोट के कारण सीरीज से बाहर हुए विराट कोहली की अनुपस्थिति में भारतीय टीम बल्लेबाजी क्रम में नया एक्सपेरिमेंट कर सकती है. सबसे बड़ा बदलाव केएल राहुल की भूमिका में देखने को मिल सकता है.
पहले वनडे से पूर्व टीम इंडिया के एकमात्र प्रैक्टिस सेशन में ईशान किशन विकेटकीपिंग ड्रिल करते नजर आए, जबकि केएल राहुल आउटफील्ड में ऊंचे कैच पकड़ने का अभ्यास कर रहे थे. इससे यह संकेत मिला कि सीमित ओवरों में लंबे समय से भारत के प्रमुख विकेटकीपर बल्लेबाज रहे राहुल को इस सीरीज में ग्लव्स से राहत मिल सकती है.
नंबर-3 पर राहुल, ईशान और यशस्वी ऑप्शन
भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने मैच से एक दिन पहले साफ किया कि कोहली की गैरमौजूदगी टीम को नंबर-3 स्लॉट पर नए विकल्प आजमाने का मौका दे रही है. उन्होंने कहा कि केएल राहुल, ईशान किशन और यशस्वी जायसवाल तीनों को इस स्थान पर बल्लेबाजी का मौका दिया जा सकता है.
मोर्कल ने कहा- नंबर-3 की भूमिका में हम इस सीरीज के दौरान कुछ प्रयोग करेंगे. चाहे वह ईशान हों, केएल हों या यशस्वी, यह सभी खिलाड़ियों के लिए अच्छा अवसर है. हमारे पास कुछ वनडे मैच हैं और हम खिलाड़ियों को अलग-अलग स्थानों पर मौका देकर टीम संयोजन को बेहतर समझना चाहते हैं.
उन्होंने आगे कहा कि टीम प्रबंधन भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकल्पों पर काम कर रहा है ताकि अलग-अलग परिस्थितियों के लिए मजबूत संयोजन तैयार किया जा सके.
प्रिंस यादव और गुरनूर बरार को मिल सकता है मौका
इस सीरीज में युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और गुरनूर बरार भी भारत के लिए डेब्यू कर सकते हैं. टीम ने धर्मशाला पहुंचने से पहले चंडीगढ़ में अभ्यास किया था और दोनों खिलाड़ियों ने कोचिंग स्टाफ को प्रभावित किया है.
मोर्कल ने दोनों गेंदबाजों की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा- पहली नजर में ऐसा लगा जैसे वे पिछले चार-पांच साल से भारतीय टीम का हिस्सा हों. उनके चेहरे पर कोई घबराहट नहीं दिखी. हालांकि इंटरनेशनल टीम में पहली बार शामिल होने पर दबाव स्वाभाविक होता है, लेकिन जिस एनर्जी और कॉन्फिडेंस के साथ उन्होंने अभ्यास किया, वह काफी प्रभावशाली था.
साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि दोनों युवा गेंदबाज अपनी लाइन और लेंथ पर सटीक हैं और उनके कौशल में लगातार मेहनत की झलक दिखाई देती है.
गौतम गंभीर दे सकते हैं डेब्यू का मौका
मोर्कल को उम्मीद है कि हेड कोच गौतम गंभीर इस सीरीज में प्रिंस यादव और गुरनूर बरार को इंटरनेशनल क्रिकेट में मौका देंगे.उन्होंने कहा- मुझे पूरा भरोसा है कि गौतम इन खिलाड़ियों को मौका देंगे और देखेंगे कि वे इंडिय जर्सी में कैसा प्रदर्शन करते हैं. भारत के लिए खेलना अलग अनुभव होता है. हम सभी उन्हें लेकर उत्साहित हैं.
क्या रोहित धर्मशाला ODI में खेलेंगे
टीम इंडिया के लिए राहत की बात यह है कि कप्तान रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग चोट से पूरी तरह उबर चुके हैं. रोहित ने धर्मशाला में प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लिया और फिटनेस टेस्ट भी पास कर लिया. मोर्कल ने कहा- रोहित ने सभी फिटनेस टेस्ट पास कर लिए हैं. वह खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. अगर कोई हल्की परेशानी भी थी तो अब वह खत्म हो चुकी है. वह अच्छी तरह मूव कर रहे हैं और शानदार ट्रेनिंग कर रहे हैं. उन्हें मैदान पर देखने के लिए हम उत्साहित हैं.
हालांकि विराट कोहली की कमी टीम को खलेगी, लेकिन रोहित शर्मा की वापसी और यंग खिलाड़ियों को मिलने वाले अवसर इस सीरीज को भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण बना रहे हैं.
aajtak.in