टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट रविवार (23 अगस्त) से कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में खेला जाएगा. मुकाबले से एक दिन पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने अपनी आलोचना और भारत के टेस्ट प्रदर्शन को लेकर खुलकर बात की. गंभीर ने साफ कहा कि उनका मकसद सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होना नहीं, बल्कि भारतीय टीम के लिए ट्रॉफियां जीतना है.
भारत के टेस्ट रिकॉर्ड को लेकर पिछले कुछ समय से सवाल उठते रहे हैं. खासकर टीम के प्रदर्शन और गंभीर की कोचिंग को लेकर आलोचना हुई है. लेकिन दूसरे टेस्ट की पूर्व संध्या पर गंभीर ने दो टूक अंदाज में जवाब दिया.
यह भी पढ़ें: IND vs SL: कोलंबो टेस्ट में गिल और यशस्वी पर बड़ी पारी का प्रेशर, मैच जीते तो 3 साल बनेगा इतिहास, WTC में भी होगा बंपर फायदा
गौतम गंभीर ने कहा कि वह आलोचनाओं या सोशल मीडिया की लोकप्रियता के बारे में ज्यादा नहीं सोचते. उनका पूरा फोकस भारतीय टीम को सफल बनाने और ट्रॉफियां जीतने पर है. गंभीर ने कहा- मेरा काम ट्रॉफी जीतना है. मैं इसी की परवाह करता हूं और इसी पर विश्वास करता हूं. मेरा काम लाइक्स और व्यूज हासिल करना नहीं है.
यह बयान ऐसे समय आया है, जब भारत के टेस्ट प्रदर्शन को लेकर गंभीर लगातार चर्चा में रहे हैं. हेड कोच ने साफ कर दिया कि बाहरी राय से ज्यादा उनके लिए टीम की उपलब्धियां मायने रखती हैं.
यह भी पढ़ें: भारत संग कोलंबो टेस्ट के लिए श्रीलंकाई टीम में बड़े फेरबदल... 2 नए खिलाड़ियों की एंट्री
रैंकिंग पर बोले- हम संघर्ष नहीं कर रहे
भारत की टेस्ट रैंकिंग और हालिया प्रदर्शन पर भी गंभीर ने अपनी बात रखी. उन्होंने माना कि रैंकिंग को जरूरत से ज्यादा तवज्जो नहीं दी जानी चाहिए और टीम को संघर्षरत बताना सही नहीं है. गंभीर ने कहा- रैंकिंग कोई मायने नहीं रखती. हम संघर्ष नहीं कर रहे हैं. इंग्लैंड दौरे के बाद से हमने ठीक-ठाक टेस्ट क्रिकेट खेला है.
अब कोलंबो में दूसरे टेस्ट की बारी
भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट कोलंबो के सिन्हलीज स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा. मुकाबला स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होगा. यह मैच भारत के लिए भी अहम होगा, क्योंकि टीम की कोशिश सीरीज में मजबूत प्रदर्शन के साथ अपनी टेस्ट लय को आगे बढ़ाने की होगी.
दूसरे टेस्ट से पहले गंभीर के बयान ने यह साफ कर दिया है कि टीम मैनेजमेंट फिलहाल आलोचनाओं, रैंकिंग और सोशल मीडिया के शोर से प्रभावित नहीं होना चाहता. ध्यान रहे भारत ने गॉल में पहला टेस्ट 165 रनों से जीता था, अब टीम की नजर कोलंबो में जीतकर सीरीज को 2-0 से जीतने पर होगी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क