भारतीय क्रिकेट जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. टीम इंडिया के लिए अंडर-19 लेवल पर खेल चुके क्रिकेटर अमनप्रीत सिंह (Amanpreet Singh Gill) का 36 साल की उम्र में निधन हो गया. उन्होंने बुधवार, 6 मई को चंडीगढ़ में अंतिम सांस ली. फिलहाल उनके निधन के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है.
अमनप्रीत गिल पंजाब क्रिकेट का जाना-पहचाना नाम थे. वह भारत की अंडर-19 टीम में विराट के साथ खेल चुके थे. दाएं हाथ के तेज गेंदबाज अमनप्रीत ने पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेला और छह फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 11 विकेट अपने नाम किए.
वह आईपीएल के पहले सीजन 2008 में किंग्स इलेवन पंजाब टीम का भी हिस्सा रहे थे. बाद में उन्होंने पंजाब क्रिकेट में चयनकर्ता की भूमिका भी निभाई और सीनियर सेलेक्शन कमेटी के सदस्य रहे.
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (Punjab Cricket Association) ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए लिखा कि अमनप्रीत गिल ने पंजाब क्रिकेट की पूरी निष्ठा और जुनून के साथ सेवा की. बोर्ड ने उनके परिवार और करीबियों के प्रति संवेदना व्यक्त की.
अमनप्रीत गिल के निधन की खबर सुनकर विराट कोहली भी भावुक हो गए. कोहली ने सोशल मीडिया पर लिखा-अमनप्रीत गिल के निधन की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ. उनके परिवार और करीबियों के लिए प्रार्थना करता हूं. ओम शांति.
वहीं युवराज ने भी गिल को याद करते हुए भावुक संदेश साझा किया. युवराज ने कहा कि अमनप्रीत मेहनती क्रिकेटर थे और खेल के प्रति उनका जुनून शानदार था. ड्रेसिंग रूम में बिताए पल हमेशा याद रहेंगे.
अमनप्रीत गिल ने साल 2007 में भारत की अंडर-19 टीम के साथ इंग्लैंड, मलेशिया और श्रीलंका का दौरा किया था. उन्होंने कई यूथ वनडे और तीन दिवसीय यूथ टेस्ट मैच भी खेले. हालांकि वह उस भारतीय टीम का हिस्सा नहीं बन सके, जिसने 2008 में मलेशिया में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता था. उस टीम की कप्तानी विराट कोहली ने की थी.
वह पहले IPL सीज़न में पंजाब किंग्स (तब किंग्स XI पंजाब) का भी हिस्सा थे, PBKS के खिलाड़ियों ने बुधवार रात हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मैच के दौरान अमनप्रीत के सम्मान में काली आर्मबैंड पहनी थी.
अमनप्रीत गिल का अंतिम संस्कार बुधवार शाम 4 बजे चंडीगढ़ के मनीमाजरा श्मशान घाट में किया गया. उनके निधन से पंजाब क्रिकेट और भारतीय क्रिकेट जगत में शोक की लहर है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क