भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांचवें टी20 मुकाबले से पहले टीम इंडिया में बड़ा बदलाव हुआ है. तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के चोटिल होने के बाद भुवनेश्वर कुमार को भारतीय स्क्वॉड में शामिल किया गया है. सीरीज का निर्णायक मुकाबला 17 अक्टूबर को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के मुताबिक, अर्शदीप सिंह को बुधवार को हैदराबाद में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले के दौरान गेंदबाजी वाले कंधे पर चोट लगी थी. पांचवें मैच में उनकी उपलब्धता पर फैसला मुकाबले से पहले उनकी रिकवरी को देखते हुए लिया जाएगा.
अर्शदीप की चोट के बाद चयन समिति ने भुवनेश्वर कुमार को टीम में शामिल किया है. हालांकि, अर्शदीप की जगह भुवनेश्वर को शामिल किए जाने का मतलब यह नहीं है कि अर्शदीप निर्णायक मुकाबले से बाहर हो गए हैं. उनकी फिटनेस पर अंतिम फैसला मैच से पहले होगा.
36 साल के भुवनेश्वर कुमार ने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मुकाबला 22 नवंबर 2022 को न्यूजीलैंड के खिलाफ नेपियर में खेला था. इसके बाद से वह टीम इंडिया की टी20 इंटरनेशनल टीम से बाहर हैं. अब वेस्टइंडीज के खिलाफ बेंगलुरु टी20 के लिए उनकी वापसी की चर्चा के साथ एक बार फिर इस अनुभवी तेज गेंदबाज पर सबकी नजरें टिक गई हैं. वहीं भुवनेश्वर न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए पहले से ही स्क्वॉड में हैं. आईपीएल 2026 भुवनेश्वर के लिए विशेष रूप से सफल रहा, जिसमें उन्होंने 7.95 की इकोनॉमी से 28 विकेट लिए थे.
2-2 से बराबर है सीरीज
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज फिलहाल 2-2 से बराबर है. ऐसे में शनिवार को होने वाला पांचवां मुकाबला सीरीज का फैसला करेगा. दोनों टीमों की नजरें जीत के साथ सीरीज अपने नाम करने पर होंगी.
भारत का अपडेटेड टी20 स्क्वॉड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, मयंक यादव, नमन धीर और भुवनेश्वर कुमार.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क