ई-रिक्शा में बैठी महिला उड़ा ले गई 2 करोड़ की ज्वेलरी, कारोबारी को भनक तक नहीं लगी

जयपुर के माणक चौक इलाके में ज्वेलरी कारोबारी से करीब 2 करोड़ रुपये के हीरे-जवाहरात चोरी करने के मामले में गुजरात की एक महिला गिरफ्तार हुई है. कारोबारी 15 अक्टूबर को ई-रिक्शा से सांगानेर गेट जा रहा था, तभी उसके 13 पैकेट चोरी हो गए.

Advertisement
पुलिस गिरफ्त में 2 करोड़ का हीरे-जवाहरात चुराने वाली महिला. (Photo: Screengrabs) पुलिस गिरफ्त में 2 करोड़ का हीरे-जवाहरात चुराने वाली महिला. (Photo: Screengrabs)

विशाल शर्मा

  • जयपुर,
  • 19 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 12:08 PM IST

जयपुर के माणक इलाके में ज्वेलरी कारोबारी से करीब 2 करोड़ रुपए कीमत के हीरे-जवाहरात चोरी करने के मामले का पर्दाफाश हुआ है. पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाली गुजरात की शातिर महिला को बापर्दा गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी महिला से चोरी किए गए हीरे-जवाहरात भी बरामद कर लिए हैं.

डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया कि ज्वेलरी कारोबारी ने 15 अक्टूबर को माणक चौक थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी. परिवादी ने बताया कि वह अलग-अलग व्यापारियों को ज्वेलरी के सैंपल दिखाने और माल की खरीद-बिक्री के सिलसिले में यात्रा करता है. बीते 15 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे वह ई-रिक्शा से सांगानेर गेट की तरफ जा रहा था. उसके पास ज्वेलरी के 13 पैकेट थे, जिनमें अलग-अलग व्यापारियों के पन्ना, माणक और डायमंड समेत कीमती रत्न रखे हुए थे.

Advertisement

ऐसे दिया चोरी की वारदात को अंजाम
इसी दौरान पैकेट चोरी हो गए. चोरी हुए माल में 11.52 कैरेट के दो पन्ने, 144.60 कैरेट के चार पन्ने और 11 अन्य पैकेटों में रखे 942.52 कैरेट के पन्ने शामिल थे. कारोबारी के अनुसार चोरी हुए हीरे-जवाहरात की कुल कीमत करीब 2 करोड़ रुपए थी.

डीसीपी के मुताबिक मामले की जांच के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर ई-रिक्शा में परिवादी के साथ सफर कर रही एक संदिग्ध महिला की पहचान की गई. इसके बाद फुटेज की मदद से महिला के ई-रिक्शा से उतरने के स्थान का पता लगाया गया.

जांच में सामने आया कि वारदात के बाद महिला मुख्य बाजार की गलियों से होकर फरार होने की कोशिश कर रही थी. पुलिस से बचने के लिए वह बार-बार ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा बदल रही थी. ऐसे में पुलिस के सामने उसकी पहचान कर ठिकाने तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण था.

Advertisement

पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपी के ठिकाने का पता लगाया और दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी महिला गुजरात की रहने वाली है और जयपुर में किराए पर रह रही थी. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला मुख्य बाजार में घूमकर वारदात के लिए किसी व्यापारी की पहचान करती थी. इसके बाद वह उस व्यक्ति के पीछे लगकर उसके साथ यात्रा करती और मौका मिलते ही उसके पास रखा कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाती थी.

वारदात के बाद वह वाहन बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश करती और अपने ठिकाने पर पहुंच जाती थी. फिलहाल पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है और अन्य वारदातों में उसकी संभावित संलिप्तता की जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »