How to Make Bharwa Bhindi: गर्मी के मौसम में हरी और ताजी भिंडी हर घर में बनती है, लेकिन अक्सर रोज-रोज वही सादी भिंडी खाकर लोग बोर हो जाते हैं. अगर आप भी लंच या डिनर में कुछ बेहद चटपटा और जायकेदार बनाना चाहते हैं, तो इस बार सूखे मसाले और सौंफ डालकर भरवां भिंडी ट्राई करें.
सौंफ न सिर्फ भिंडी के स्वाद को अचारी और रिफ्रेशिंग ट्विस्ट देती है, बल्कि यह गर्मी के मौसम में पेट के लिए भी फायदेमंद होती है. इस खास मसाले से तैयार भरवां भिंडी इतनी लाजवाब बनती है कि जो एक रोटी खाता है, वह भी चार रोटी मांगकर खाएगा. आइए जानते हैं इसे बनाने की सबसे आसान और क्विक रेसिपी.
भरवां भिंडी की सामग्री
250 ग्राम ताजी और छोटी भिंडी
भरने के लिए सूखे मसाले: 2 बड़े चम्मच सौंफ (दरदरी पिसी हुई), 1 बड़ा चम्मच धनिया पाउडर, 1 चम्मच जीरा पाउडर, 1 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, 1/2 चम्मच हल्दी पाउडर, 1 चम्मच आमचूर पाउडर (खटास के लिए), 1/4 चम्मच हींग, स्वादानुसार नमक.
पकाने के लिए: 2-3 बड़े चम्मच सरसों का तेल (या कोई भी कुकिंग ऑयल).
बनाने का तरीका
सबसे पहले भिंडी को अच्छी तरह धोकर सूती कपड़े से सुखा लें (ध्यान रहे कि भिंडी में नमी न रहे, नहीं तो सब्जी लसदार बनेगी). अब भिंडी के दोनों सिरों (ऊपरी और निचला हिस्सा) को काट लें और बीच में से एक लंबा चीरा (slit) लगाएं ताकि उसमें मसाला भरा जा सके.
एक कटोरी में पिसी हुई सौंफ, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, आमचूर, हींग और नमक को एक साथ अच्छी तरह मिला लें. मसाले में एक छोटा चम्मच सरसों का तेल डाल लें, इससे मसाले में अच्छी बाइंडिंग आ जाती है और वह भिंडी से बाहर नहीं गिरता.
अब तैयार सूखे मसाले को उंगली की मदद से एक-एक करके सभी कटी हुई भिंडियों के बीच में अच्छी तरह से भर दें.
एक भारी तले वाली कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें. जब तेल से धुआं निकल जाए, तो आंच धीमी करें और मसाले से भरी हुई भिंडियों को एक-एक करके तेल में डाल दें.
भिंडी को हल्के हाथों से चलाएं ताकि मसाला बाहर न निकले. अब कढ़ाई को ढक दें और धीमी आंच पर 5-7 मिनट के लिए पकने दें. बीच-बीच में भिंडी को पलटते रहें ताकि यह चारों तरफ से अच्छी तरह क्रिस्पी और सुनहरी हो जाए.
जब भिंडी 80% पक जाए, तो ढक्कन हटा दें और अगले 3-4 मिनट के लिए इसे खुला ही मध्यम आंच पर पकाएं. इससे भिंडी एकदम करारी बनेगी.
आपकी गरमा-गरम, मसालेदार सौंफ वाली भरवां भिंडी तैयार है. इसे पराठे, पूरी या दाल-चावल के साथ परोसें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क