Sabudana Dosa Recipe: व्रत में वही पूरी-आलू खाकर हो गए हैं बोर? झटपट बनाएं क्रिस्पी साबूदाना डोसा, रेसिपी है आसान
Sabudana Dosa Recipe: नवरात्रि के व्रत में इस बार साबूदाने की खिचड़ी और कुट्टू की पूरी से हटकर कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो साबूदाना डोसा बना सकते हैं. मूंगफली और पनीर की स्टफिंग से तैयार यह डोसा स्वाद में लाजवाब और बाहर से कुरकुरा होता है. आज हम आपको साबूदाना डोसा बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे.
Sabudana Dosa Recipe: नवरात्रि के दिनों में कई लोग मां दुर्गा की पूजा के साथ नौ दिनों तक व्रत भी रखते हैं. इस दौरान खानपान का खास ध्यान रखा जाता है और व्रत के नियमों के अनुसार ही चीजें खाई जाती हैं. व्रत में फल, दूध, साबूदाने की खिचड़ी और कुट्टू की पूड़ी जैसी चीजें तो आपने कई बार खाई होंगी लेकिन आप कुछ अलग और टेस्टी खाना चाहते हैं तो साबूदाना डोसा ट्राई कर सकते हैं. साबूदाना, मूंगफली और पनीर से बनने वाला यह डोसा स्वाद में लाजवाब होता है.
Advertisement
इसमें पनीर की स्टफिंग डालने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. इसे आप व्रत में नाश्ते या हल्की भूख लगने पर बना सकते हैं. इसे बनाना भी आसान है और नारियल की चटनी के साथ इसका स्वाद और बढ़ जाता है. तो आइए जानते हैं साबूदाना डोसा कैसे बनता है और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
साबूदाना डोसा बनाने के लिए सबसे पहले साबूदाना को साफ करके 2-3 घंटे के लिए पानी में भिगो दें. अब एक बाउल में पनीर को कद्दूकस कर लें. इसमें काली मिर्च पाउडर और थोड़ा सा सेंधा नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं और अलग रख दें.
इसके बाद एक पैन में मूंगफली के दाने डालकर धीमी आंच पर हल्का भून लें. अब भुनी हुई मूंगफली, अदरक और हरी मिर्च को मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें. इसमें हरा धनिया मिलाएं.
अब एक बड़े बाउल में भीगा हुआ साबूदाना और मूंगफली का पेस्ट डालें. दोनों को अच्छी तरह मिलाकर बैटर तैयार कर लें. अगर बैटर ज्यादा गाढ़ा लगे तो जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी मिला सकते हैं.
इसके बाद नॉनस्टिक तवे को मीडियम आंच पर गर्म करें और उस पर थोड़ा तेल फैलाएं. अब एक कटोरी बैटर तवे के बीच में डालकर डोसे की तरह फैला दें. इसे कुछ देर तक सिकने दें, फिर पलटकर दूसरी तरफ से भी सेंक लें.
जब डोसा दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा हो जाए तो इसके बीच में तैयार पनीर की स्टफिंग रखें. अब डोसे को मोड़कर प्लेट में निकाल लें. इसी तरह बाकी बैटर से भी डोसे तैयार कर लें. गरमागरम साबूदाना डोसा नारियल की चटनी के साथ परोसें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क