Kashi Halwa Recipe: शादी वाला काशी हलवा बनाएं घर पर, बस 3 चीजों से झटपट होगा तैयार
Kashi Halwa Recipe: सफेद पेठे से बनने वाला काशी हलवा कर्नाटक की मशहूर पारंपरिक मिठाई है, जिसे शादियों और त्योहारों पर खासतौर पर बनाया जाता है. इसका स्वाद और खुशबू इसे खास बनाते हैं. आज हम आपको इसे घर पर बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे.
Kashi Halwa Recipe: अगर आपको मीठा खाना पसंद है तो काशी हलवा जरूर ट्राई करें. सफेद पेठे से बनने वाला यह हलवा स्वाद में लाजवाब होता है. काशी हलवा कर्नाटक की एक पारंपरिक मिठाई है, जिसे खासतौर पर शादियों और त्योहारों के मौके पर बनाया जाता है. इसका रंग, खुशबू और हल्की चमक इसे दूसरी मिठाइयों से अलग बनाती है. अच्छी बात यह है कि इसे घर पर भी आसानी से तैयार किया जा सकता है.
Advertisement
इसे बनाने के लिए सफेद पेठे, चीनी और घी की जरूरत होती है. केसर डालने से इसका स्वाद और खुशबू और भी बढ़ जाती है. तो आइए जानते हैं काशी हलवा कैसे बनाते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
काशी हलवा बनाने के लिए सबसे पहले सफेद पेठे को अच्छी तरह धो लें. अब पीलर की मदद से उसका छिलका उतारें और बीज निकाल दें. इसके बाद पेठे को कद्दूकस कर लें. कद्दूकस किए हुए पेठे को हाथों से दबाकर उसका अतिरिक्त पानी निकाल दें.
अब एक कड़ाही या पैन में घी गर्म करें. इसमें कद्दूकस किया हुआ पेठा डालें और मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं. करीब 3-4 मिनट बाद इसमें चीनी डालकर अच्छी तरह मिला लें. चीनी डालने के बाद पेठे से पानी निकलने लगेगा, इसलिए मिश्रण को लगातार चलाते रहें.
जब मिश्रण का पानी काफी हद तक सूखने लगे, तो इसमें थोड़ा और घी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अब केसर को थोड़े से गर्म दूध या पानी में भिगोकर हलवे में डाल दें. इसे लगातार चलाते हुए तब तक पकाएं, जब तक मिश्रण गाढ़ा होकर हलवे जैसा न हो जाए और अतिरिक्त नमी सूख न जाए.
आखिर में कटे हुए काजू और अपनी पसंद के ड्राई फ्रूट्स डालकर एक-दो मिनट तक पकाएं. अब तैयार काशी हलवे को बाउल में निकालें और ऊपर से ड्राई फ्रूट्स डालकर सजाएं. इसे गर्म या ठंडा, अपनी पसंद के अनुसार परोस सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क