दिनाकरन ने लेटर फर्जी बता FIR कराई, TVK ने जारी किया AMMK विधायक का वीडियो... तमिलनाडु में चढ़ा सियासी पारा

तमिलनाडु में सरकार पर जारी सस्पेंस के बीच एएमएमके प्रमुख टीटीवी दिनाकरन ने विजय की पार्टी पर उनके समर्थन का फर्जी पत्र राज्यपाल को देने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा है कि यह जालसाजी है और हम कानूनी कार्रवाई करने जा रहे हैं.

Advertisement
दिनाकरन ने टीवीके के समर्थन वाले कामराज के पत्र को बताया फर्जी (Photo: ITG) दिनाकरन ने टीवीके के समर्थन वाले कामराज के पत्र को बताया फर्जी (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 09 मई 2026,
  • अपडेटेड 2:41 AM IST

तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव नतीजे आए चार दिन हो चुके हैं, लेकिन सरकार पर सस्पेंस बरकरार है. इन चुनावों में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थलपति विजय की अगुवाई वाली टीवीके बहुमत का आंकड़ा जुटाने की कोशिशों में जुटी है. विजय लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात पर मुलाकात कर रहे हैं, लेकिन सस्पेंस छंटा नहीं है. इन सबके बीच तमिलनाडु की सियासत में एक नया बखेड़ा खड़ा हो गया है.

Advertisement

एएमएमके पार्टी के प्रमुख टीटीवी दिनाकरन ने विजय की पार्टी पर अपने दल के समर्थन वाला फर्जी पत्र राज्यपाल को सौंपने का आरोप लगाया है और कहा है कि हम आपराधिक शिकायत दर्ज कराने जा रहे हैं. उन्होंने कहा है कि मेरे विधायक कामराज की ओर से टीवीके के समर्थन में एक पत्र जारी किया गया था. दिनाकरन ने कहा कि मुझे राज्यपाल से मिलने का समय मिला और मैंने उन्हें असली पत्र दिखाया, जो मुझे हमारे मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पलानीस्वामी से मिला था.

उन्होंने आगे कहा कि मुझे पता चला कि टीवीके ने उस पत्र की फर्जी फोटोकॉपी जमा की थी. दिनाकरन ने कहा कि राज्यपाल ने मूल पत्र मांगा था. उन्होंने कहा कि यह जालसाजी है और अब हम आपराधिक शिकायत दर्ज कराने जा रहे हैं. दिनाकरन ने एआईएडीएमके की अगुवाई में सरकार बनाने का दावा करते हुए कहा कि हम अन्य दलों से समर्थन मांगेंगे और राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे.

Advertisement

यह भी पढ़ें: विजय की शपथ पर ग्रहण! समर्थन पर VCK आज लेगी फैसला, IUML बोली- हम स्टालिन के साथ

दिनाकरन इसके बाद चेन्नई के गुइंडी थाने पहुंचे और फर्जी पत्र के मामले में पुलिस को औपचारिक शिकायत सौंप दी. दिनाकरन ने टीवीके के खिलाफ जालसाजी का आरोप लगाते हुए एफआईआर करा दी है. वहीं, विजय की पार्टी ने दिनाकरन के आरोप खारिज करते हुए एएमएमके विधायक एस कामराज का एक वीडियो जारी किया है.

यह भी पढ़ें: तमिलनाडु: 'लापता' MLA के साथ लोकभवन पहुंचे दिनाकरन, बेंगलुरु गए कांग्रेस के 4 विधायक

विजय की अगुवाई वाली टीवीके की ओर से जारी किए गए वीडियो में एएमएमके विधायक कामराज विजय को समर्थन देने की बात कहते नजर आ रहे हैं. एएमएमके के इकलौते विधायक कामराज यह कहते नजर आ रहे हैं कि टीवीके के समर्थन का फैसला दिनाकरन की सहमति से लिया गया है. विजय की पार्टी ने यह वीडियो जारी करते हुए कहा है कि हमें किसी के साथ बार्गेन करने या नेगोशिएशन की जरूरत नहीं है.

इससे पहले, टीटीवी दिनाकरन ने विजय पर विधायकों की खरीद-फरोख्त की कोशिश का आरोप लगाया था. उन्होंने अपने इकलौते विधायक एस कामराज के लापता होने की शिकायत भी राज्यपाल से की थी. हालांकि, आधी रात के बाद दिनाकरन फिर से लोकभवन पहुंचे. वह इस बार अपनी पार्टी के विधायक कामराज को भी साथ लेकर लोकभवन गए थे. दिनाकरन ने एक पत्र पढ़ा और दावा किया कि उनकी ओर से राज्यपाल को दिया गया एआईएडीएमके के समर्थन का पत्र ही वैध है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement