गृह मंत्री अमित शाह ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर करारा हमला किया है. अमित शाह ने कहा है कि राहुल गांधी को 2029 के लोकसभा चुनाव में प्रचंड हार के लिए तैयार रहना चाहिए. अमित शाह ने राहुल गांधी को कहा कि स्पेशल इंटेसिव रिवीजन यानी कि SIR के बहाने घुसपैठियों को बचाने की उनकी जो योजना है उसे देश की जनता समझ चुकी है और उनके झांसे में नहीं आने वाली है.
अमित शाह ने एक बयान जारी करते हुए कि वे राहुल गांधी को बताना चाहते हैं कि गुजरात में 41 साल बाद भी कांग्रेस एक भी चुनाव नहीं जीत पाई है. कांग्रेस ने गुजरात में अंतिम चुनाव 41 साल के पहले 1985 में जीती थी उसके बाद लगातार गुजरात में उनकी हार हो रही है.
गृह मंत्री ने SIR का मुद्दा उठाते हुए कहा कि क्या गुजरात में लगातार हो रही कांग्रेस की हार SIR का परिणाम है या फिर बीजेपी और पीएम नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता का परिणाम है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी SIR को लाकर परिणामों को झुठलाते हैं, उन्हें आत्मनिरीक्षण करना चाहिए.
SIR के बहाने घुसपैठियों को बचाना चाहते हैं राहुल
अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी SIR के बहाने घुसपैठियों को बचाना चाहते हैं लेकिन जनता ऐसा नहीं होने देगी.
अगले आम चुनाव की भविष्यवाणी करते हुए वरिष्ठ बीजेपी नेता अमित शाह ने कहा, "राहुल जी और उनके साथियों को मैं ये भी बताना चाहता हूं कि 29 में प्रचंड हार के लिए फिर से एक बार मन बना लीजिए. 2029 के आम चुनाव में बीजेपी प्रचंड बहुमत के साथ जीत कर आने वाली है और कांग्रेस की फिर से एक बार लगातार चौथी बार हार होने वाली है."
यह भी पढ़ें: 'गुजरात में 41 साल से नहीं जीती कांग्रेस, क्या ये भी SIR का नतीजा...', राहुल पर अमित शाह का पलटवार
अमित शाह ने कहा कि देश की जनता नरेंद्र मोदी जी के साथ है बीजेपी के साथ है. इस सत्य को कांग्रेस झुठला नहीं सकती है.
अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस त्रिपुरा में 33 साल से जीत नहीं पाई है. बंगाल में 54 साल से कांग्रेस पार्टी को कोई जीत हासिल नहीं हुई है. बंगाल, त्रिपुरा, गुजरात हमेशा कांग्रेस पार्टी 3-3 दशक, चार-चार दशक पांच-पांच दशक से हारी है.
क्या ये SIR का नतीजा है?
उन्होंने कहा, "राहुल गांधी जी को सीधा पूछना चाहता हूं कि क्या ये SIR का परिणाम है. SIR तो 2024 के बाद चालू हुआ. आप जब से कांग्रेस के मुख्य नेता के रूप में आए हैं और बाद में अध्यक्ष के रूप में आए हैं लीडर ऑफ अपोजिशन के रूप में आए है कांग्रेस पार्टी लगातार चुनाव हारी है."
राहुल को आत्मचिंतन की सलाह देते हुए अमित शाह ने कहा कि फैब्रिकेटेड मीडिया इवेंट, झूठ की गूंज कर कर आप देश की जनता का विश्वास हासिल नहीं कर सकते. पूरी 14 पार्टी का कैडर इकट्ठा कर कर 1.5 किलोमीटर के क्षेत्र में 8,000 की भीड़ इकट्ठी कर कर आप देश की आवाज़ नहीं बन सकते हैं.
उन्होंने कहा कि उनका कांग्रेस पार्टी से निवेदन है की देश की आवाज खेत खलियानों में, गांवों में दूर सुदूर पहाड़ियों पर, जंगलों में और नदियों के किनारे भी है. आपकी वहां कोई रीच नहीं है. देश के कई सूबे ऐसे हैं बिहार हो, उत्तर प्रदेश हो, तमिलनाडु हो आपको कई दशकों तक जनता ने नकारा है हराया है.
aajtak.in