47 डिग्री की प्रचंड गर्मी से दहका उत्तर भारत, मौसम का पारा हाई! देखें अलग-अलग शहरों का हाल

Heatwave Alert: तकरीबन पूरा हिन्दुस्तान प्रचंड गर्मी से जूझ रहा है. कई शहरों में पारा 47 डिग्री के पार पहुंच गया है. सबसे ज्यादा बदतर हालात उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के हैं, जहां 48 डिग्री पार तापमान और गर्मी से लोग बेहाल हैं. आग की भट्टी की तरह तप रहे बांदा में गर्मी की वजह से रोजाना बीमार होने वालों का आंकड़ा एक हजार के ऊपर पहुंच गया है.

Advertisement
Heatwave Alert in North India, Weather Forecast Today 22 May 2026 Mausam (File Photo- ITG) Heatwave Alert in North India, Weather Forecast Today 22 May 2026 Mausam (File Photo- ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 22 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:25 AM IST

प्रचंड गर्मी से पूरा उत्तर भारत धधक रहा है. आसमान से बरस रही आग लोगों को झुलसा रही है. यूपी-दिल्ली-बिहार-राजस्थान से लेकर हिमाचल और उत्तराखंड के मैदानी इलाकों तक तपती गर्मी का कहर जारी है. यूपी के बांदा सहित कई शहरों में पारा 47 डिग्री के पार दर्ज किया जा रहा है. झुलसा देने वाली इस गर्मी में पावर डिमांड रिकॉर्ड स्तर पर जा पहुंची है.

Advertisement

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना जताई है. IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक तापमान में बढ़ोतरी की चेतावनी है. कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के केरल पहुंचने की तारीख सामान्य से पहले बताई गई है.

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को गर्मी से अभी राहत नहीं है. आने वाले एक सप्ताह में भी तापमान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी है. IMD के अनुसार, दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री सेल्सियस तक बना रह सकता है. शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं और थार मरुस्थल से आने वाली गर्म हवाएं गर्मी को और बढ़ा रही हैं.

राजधानी दिल्ली भी 46 डिग्री का टॉर्चर झेल रही है. भीषण गर्मी के बीच पीक पावर डिमांड 8231 मेगावाट के नए रिकॉर्ड पर पहुंच गई है. SLDC के मुताबिक, इस सीजन में बिजली की खपत 9000 मेगावाट पार का अनुमान है. द‍िल्‍ली में पावर ड‍िमांड प‍िछले साल के मुकाबले इस बार 76 प्रत‍िशत ज्‍यादा है. मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में पारा 44-46 डिग्री तक बना रहेगा.

Advertisement
Delhi Weather Forecast, city.imd.gov.in

मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, बिहार, बंगाल इन सब राज्यो में ऑरेंज अलर्ट है. वहीं, ⁠ईस्ट उत्तर प्रदेश, ईस्ट मध्य प्रदेश और विदर्भ में अगले तीन दिन के लिए गर्मी की रेड वार्निंग है. जबकि जम्मू कश्मीर और हिमाचल के क्षेण में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी. हालांकि,  इसका असर मैदानी राज्यो में नहीं देखा जाएगा.

आग की भट्टी बना बांदा, बढ़ी मरीजों की संख्या
प्रचंड गर्मी से कई शहरों में पारा 47 डिग्री के पार पहुंच गया है. सबसे ज्यादा बदतर हालात उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के हैं. दुनिया के सबसे गरम शहरों में शुमार बांदा में 48 डिग्री पार तापमान और गर्मी से लोग बेहाल हैं. आग की भट्टी की तरह तप रहे बांदा में गर्मी की वजह से रोजाना बीमार होने वालों का आंकड़ा एक हजार के ऊपर पहुंच गया है.

मौसम विभाग ने यूपी के बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, आगरा, झांसी समेत 11 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है. योगी सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को गर्मी से निपटने के इंतजाम करने के निर्देश जारी किए हैं. लखनऊ के सभी स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों का ऐलान कर दिया गया है.

बच्चों पर गर्मी का असर, अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की संख्या
अलग-अलग शहरों में 45 डिग्री के ऊपर चल रहे तापमान में मरीजों की संख्या बढ़ रही है. कई अस्पतालों के शिशु वार्ड ओवर लोड चल रहे है. धौलपुर में हालात यह है कि एक बेड पर तीन-तीन बच्चों का इलाज किया जा रहा है. एमसीएच अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी केके गर्ग ने बताया कि गर्मी के कारण बच्चों की संख्या लगातार बढ़ रही है. बच्चों में उल्टी-दस्त, डिहाइड्रेशन, बुखार जैसी बीमारियां हो रही है. उन्होंने कहा कि गर्मी से बचाव के लिए बच्चों को भी संतुलित आहार दें और खूब पानी पिलाएं. बच्चों को धूप में ना खेलने न दें और न ही बाहर लेकर जाएं. 
 

Advertisement

बुंदेलखंड में गर्मी का सितम, बेहोश होकर गिरा चमगादड़! 
46 डिग्री के पार जा रहे तापमान के बीच पशु-पक्षी भी बेहाल हो उठे हैं. हमीरपुर की कचहरी में एक ऐसा ही नजारा देखने को मिला. जहां भीषण गर्मी की वजह से पेड़ों पर उल्टा लटके रहने वाला चमगादड़ जमीन पर आ गिरा. कचहरी परिसर में मौजूद वकीलों ने चमगादड़ के आसपास पानी फैलाया तो बेहाल चमगादड़ ने उसे चाटना शुरू कर दिया. फिर पानी पीकर चमगादड़ की जान में जान आई. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.

महाराष्ट्र में प्रचंड गर्मी का दौर जारी है. नागपुर में 10 सालों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए पारा पहुंचा 47 डिग्री के पार पहुंच गया है. अमरावती में 46.4 डिग्री, चंद्रपुर में 46.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. 

अकोला में भीषण गर्मी का कहर, हीट स्ट्रोक से 2 की मौत
महाराष्ट्र के अकोला में गर्मी और भीषण लू में 564 मरीज हीट से प्रभावित हैं. हीट स्ट्रोक से 2 मरीजों की मौत हो चुकी है. स्वास्थ विभाग के सिविल सर्जन ने इसकी पुष्टि की है. बता दें कि विदर्भ में तापमान 46°C के पार पहुंच रहा है. आग की भट्टी बने बांदा में तो गर्मी से बीमार होने वाले मरीजों की संख्या प्रतिदिन 1 हजार के ऊपर जा रही है.

Advertisement

भीषण लू और गर्म रातों से झुलस रहे उत्तर भारत की ओर एक मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस तेजी से बढ़ रहा है. इस मौसमी बदलाव से उन करोड़ों लोगों में उम्मीद की नई किरण जगी है, जो पिछले कई हफ्तों से चिलचिलाती धूप और झुलसाने वाली रातों के कारण बेहाल हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, इस वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से उत्तर भारत में बारिश तो नहीं होगी लेकिन तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है.

आजतक ब्यूरो के इनपुट के साथ
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement