देश के कई राज्यों में 15 अक्टूबर को हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है. उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं के चलते ठंड ने दस्तक दे दी है. वहीं, महाराष्ट्र जैसे पश्चिमी हिस्सों में अक्टूबर के महीने में भी गर्मी बरकरार है.
राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली में गुरुवार को मूसलाधार बारिश हुई जिसके बाद मौसम सुहाना हो गया. IMD ने आज 16 अक्टूबर को भी कई जगहों पर हल्की बारिश का अनुमान लगाया है. हालांकि, 17 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक दिल्ली में बारिश होने के आसार नहीं हैं.
जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी ने ठंडक बढ़ा दी है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, यहां बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है. ऊंचे इलाकों में कहीं-कहीं बर्फबारी की चेतावनी भी दी गई है.
जम्मू-कश्मीर में अगले दो दिनों तक बारिश!
मौसम विभाग ने आज 16 अक्टूबर को जम्मू क्षेत्र में आम तौर पर शुष्क मौसम का अनुमान जताया है. हालांकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. श्रीनगर में आईएमडी के मौसम वैज्ञानिक मनवीर सिंह ने बताया कि अगले दो दिनों के दौरान कश्मीर के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है.
वहीं गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग समेत ऊंचे इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है. सिंह ने किसानों को कटी हुई सेब की फसल और धान को सुरक्षित रखने की सलाह दी है, साथ ही 17 अक्टूबर से 24 अक्टूबर के आसपास तक मौसम शुष्क रहने की भविष्यवाणी की है.
उत्तराखंड में भी बारिश-बर्फबारी की आशंका
उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों और राजधानी देहरादून में 15 अक्टूबर को सुबह बादल छाए रहे और कहीं-कहीं बारिश हुई. आईएमडी ने देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों में आंधी-तूफान की चेतावनी दी है. मौसम निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के मुताबिक, 16 अक्टूबर को प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी.
16 अक्टूबर को 3,500 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना जताई गई है. इसके अलावा, शनिवार तक हिमाचल प्रदेश में भी कुछ जगहों पर बारिश का अनुमान जताया गया है.
दक्षिण में पूर्वोत्तर मानसून
मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरलम और माहे में पूर्वोत्तर मानसून के कारण बारिश हो रही है. आईएमडी ने संभावना जताई कि पूर्वोत्तर मानसून की शुरुआत के साथ 21 अक्टूबर तक दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश... ठंडी हवाओं ने कंपकंपाया, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
महाराष्ट्र में हीटवेव का अलर्ट
वहीं दूसरी ओर, महाराष्ट्र में ठंड का फिलहाल कोई संकेत नहीं है और मुंबई जैसे राज्य के दूसरे हिस्सों में तापमान बढ़ रहा है. दिन के समय समुद्री हवाओं का देर से आना और गुजरात और दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर बने एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जो अक्टूबर के लिए असामान्य है. इसे देखते हुए आईएमडी ने मुंबई में 16 अक्टूबर के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है.
aajtak.in