'बहुमत नहीं मिला तो...', वन नेशन-वन इलेक्शन पर इमरान मसूद का सवाल, शिवराज ने दिया जवाब

वन नेशन, वन इलेक्शन पर इमरान मसूद ने सवाल उठाया कि अगर किसी विधानसभा में बहुमत घटे या सरकार गिर जाए तो फिर चुनाव कैसे होगा. इस बहस में पीपी चौधरी, ओवैसी और कांग्रेस के रुख का भी जिक्र हुआ, जबकि मसूद ने इसे खर्चीला और अव्यावहारिक बताया.

Advertisement
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद. (Photo- ITG) कांग्रेस सांसद इमरान मसूद. (Photo- ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 26 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 2:17 PM IST

‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ यानी एक देश, एक चुनाव को लेकर राजनीतिक बहस लगातार तेज है. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इस व्यवस्था की व्यावहारिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह देश में लागू करना आसान नहीं होगा. उन्होंने पूछा कि अगर किसी विधानसभा में सरकार का बहुमत खत्म हो जाता है या किसी वजह से सरकार गिर जाती है, तो फिर क्या होगा.

Advertisement

इमरान मसूद ने कहा कि अगर किसी विधानसभा की सरकार अपना बहुमत खो देती है और गिर जाती है, तो उसके बाद होने वाला चुनाव किस तरह कराया जाएगा. अगर अगला चुनाव सिर्फ बची हुई अवधि के लिए कराया जाता है, तो उसमें दोबारा सरकारी पैसा खर्च होगा.

यह भी पढ़ें: वन नेशन, "'असंवैधानिक है वन नेशन, वन इलेक्शन बिल', JPC के सामने चिदंबरम का तीखा विरोध

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि यह व्यवस्था व्यावहारिक नहीं है. इसे पूरे देश में लागू करना आसान नहीं होगा. उनका सवाल सीधे तौर पर इस बात पर है कि अलग-अलग राज्यों में सरकारों के कार्यकाल अलग-अलग परिस्थितियों में खत्म होने की स्थिति में एक साथ चुनाव की व्यवस्था कैसे कायम रखी जाएगी.

असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर भी बोले इमरान

इमरान मसूद ने असदुद्दीन ओवैसी के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने आरएसएस और बीजेपी पर मनुस्मृति लागू करने की कोशिश करने और संविधान के प्रति प्रतिबद्धता नहीं होने का आरोप लगाया था.

Advertisement

इमरान मसूद ने कहा कि बीजेपी और आरएसएस का बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के संविधान से कोई वास्ता नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग संविधान को कमजोर करना चाहते हैं, लेकिन उनके पास ऐसा करने की ताकत नहीं है.

यह भी पढ़ें: वन नेशन, "2029 तक तैयार होगी 'वन नेशन, वन इलेक्शन' की रूपरेखा, पैनल चीफ ने बताया

बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

बीजेपी की तरफ से कांग्रेस के ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के विरोध पर सवाल उठाया गया है. बीजेपी सांसद शिवराज सिंह चौहान का कहना है कि कांग्रेस के शासनकाल में 1951-52 से 1967 तक लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होते रहे थे. ऐसे में अब कांग्रेस इस व्यवस्था को असंवैधानिक क्यों बता रही है.

बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस के शासनकाल में कई राज्यों की सरकारें गिराई गईं. समय से पहले चुनाव कराए गए, जिससे एक साथ चुनाव की व्यवस्था खत्म हुई. पार्टी का कहना है कि सवाल व्यवस्था का नहीं, बल्कि राजनीतिक नीयत का है.

‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच यह बहस अब संविधान, संघवाद और चुनावी खर्च से आगे बढ़कर सरकारों के कार्यकाल और लोकतांत्रिक व्यवस्था के भविष्य तक पहुंच गई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »