Kal Ka Mausam 19th May 2026: बिहार-झारखंड समेत इन 12 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें कल कैसा रहेगा मौसम

Weather Tomorrow 19th May 2026: देश के उत्तर-पूर्व, दक्षिण और पूर्वी हिस्सों में आंधी-तूफान और बारिश के लिए ऑरेंज एवं येलो अलर्ट जारी किया है. झारखंड-बिहार समेत कई राज्यों में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाओं का पूर्वानुमान है.

Advertisement
Weather Forecast Tomorrow 19th May 2026, Rain alert in jharkhand (File Photo-ITG) Weather Forecast Tomorrow 19th May 2026, Rain alert in jharkhand (File Photo-ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 18 मई 2026,
  • अपडेटेड 4:05 PM IST

देश के कई हिस्सों में इन दिनों मौसम का मिजाज बदल रहा है. उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में गर्मी और लू का प्रकोप जारी है तो वहीं उत्तर-पूर्व भारत, पूर्वी भारत और दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 6-7 दिनों तक उत्तर-पूर्व और अंडमान-निकोबार में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में भी अगले 3 दिनों तक तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट है.

Advertisement

उत्तर-पूर्व भारत में लगातार बारिश का सिलसिला
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 23 मई तक बारिश का दौर चलेगा. असम-मेघालय में 22 और 23 मई को बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 23 मई तक भारी बारिश पड़ने के आसार हैं. इसके साथ ही इन इलाकों में गरज-चमक के साथ 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह है. 

दक्षिण भारत में तेज बारिश और ओलावृष्टि
तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, लक्षद्वीप, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में 19 मई तक भारी बारिश की संभावना है. तटीय कर्नाटक, रायलसीमा और तटीय आंध्र प्रदेश में गरज-चमक के साथ 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं.

Advertisement

पूर्वी भारत में भी बारिश का जोर
सब-हिमालयन पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 20 से 23 मई तक भारी बारिश होने की संभावना है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पूरे सप्ताह बारिश रहेगी. बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी कई दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और तेज हवाएं चलेंगी.

गर्मी से बेहाल झारखंड को मिलेगी राहत
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने झारखंड में 23 मई तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. बारिश के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार वाली तेज हवाएं, आंधी और बिजली गिरने की भी संभावना है.

झारखंड के इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
19 मई को धनबाद और गिरिडीह जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट है तो वहीं, 20 मई को नौ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. झारखंड के कुल 11 जिलों में  आंधी-बारिश का अलर्ट है, जहां हवा की रफ्तार 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, कोडरमा और हजारीबाग जिले में बारिश की संभावना कम है.

IMD रांची के डिप्टी डायरेक्टर अभिषेक आनंद ने बताया कि आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. उसके बाद तीन दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement