मुंबई में रविवार को अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना ने एक बार फिर से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नेटवर्क को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. फुटबॉल खेलकर लौटते वक्त अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच राउंड फायरिंग की गई. इस हमले में टाइगर बाल-बाल बच गए लेकिन उनके ड्राइवर को चोट आई है.
इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित और हरमन संधू ने ली है. ऐसे में सवाल है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के ये गुर्गे कहां हैं, खुद लॉरेंस कहां है और जेल में रहने के बावजूद उसका गिरोह इतना सक्रिय कैसे है. आइए समझते हैं इस नेटवर्क की पूरी कहानी.
अनिल पंडित
अनिल पंडित मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है और फिलहाल अमेरिका में है. उसे लॉरेंस बिश्नोई का करीबी बताया गया है. अनिल पंडित पहले भी कई हमलों की जिम्मेदारी लेने का दावा कर चुका है. वहीं, हरमन संधू भी विदेश में रहता है.
अनिल पंडित का नाम इससे पहले हरियाणा के मशहूर सिंगर दिलेर खरकिया की गाड़ी पर हुई फायरिंग के मामले में भी सामने आया था. उस घटना में सिंगर बाल-बाल बच गए थे. वारदात के बाद अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था.
हरमन संधू
हरमन संधू भी विदेश में रहकर लॉरेंस बिश्नोई नेटवर्क के संचालन में शामिल बताया जा रहा है. दोनों ने टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी ली है. हरमन संधू को विदेश में मौजूद बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों में गिना जाता है.
गोल्डी बराड़
लॉरेंस बिश्नोई गैंग में गोल्डी बराड़ भी एक अहम नाम है. उसे लॉरेंस बिश्नोई का करीबी सहयोगी बताया जाता है और उत्तर अमेरिका में गिरोह के नेटवर्क को संभालने में उसकी भूमिका होने का आरोप है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह अमेरिका में रहकर इस नेटवर्क का संचालन करता है. गोल्डी बराड़ पहले कनाडा के ब्रैम्पटन, ओंटारियो में भी सक्रिय बताया जाता है. वहीं, अमेरिकी एजेंसियों के मुताबिक, उसके कैलिफोर्निया और कनाडा के कुछ हिस्सों में संपर्क या ठिकाने रहे हैं.
अनमोल बिश्नोई जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई है. अनमोल बिश्नोई भारत में वांटेड है. अनमोल बिश्नोई फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है. उसे नवंबर 2025 में अमेरिका से भारत डिपोर्ट किया गया था. जिसके बाद NIA ने उसे गिरफ्तार किया गया था. वह सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड और सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर हुई फायरिंग मामले समेत कई मामलों में आरोपी है.
कहां है लॉरेंस बिश्नोई
बिश्नोई गैंग का सरगना लॉरेंस बिश्नोई गुजरात की साबरमती सेंट्रल जेल में बंद है. जेल में बंद रहने के बावजूद उसके गिरोह का नाम कई बड़ी वारदातों और धमकियों में सामने आता रहा है.
बिश्नोई गैंग पर देश-विदेश में रंगदारी, गोलीबारी और हत्या जैसी वारदातों में शामिल होने का आरोप है. अमेरिकी न्याय विभाग ने जुलाई में दावा किया था कि लॉरेंस गैंग जेल में बंद सरगना से लेकर विदेश में बैठे सहयोगियों और स्थानीय शूटरों तक फैले नेटवर्क के जरिए काम करता था.
यह भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद कहां गए हमलावर? CCTV में दिखे दो संदिग्ध... अब तक हुए ये खुलासे
इस गैंग का नेटवर्क काफी फैला हुआ है. पुलिस की जांच में सामने आया है कि बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देने, वारदात की जिम्मेदारी लेने और सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी करने के लिए विदेश में मौजूद कथित सहयोगियों का इस्तेमाल होता है.
aajtak.in