जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस शनिवार तड़के सफदरजंग अस्पताल ले गई. अस्पताल के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है. वहीं अब सोनम की पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि मेरे पति को बिना मेरी अनुमति के कोई भी ट्रीटमेंट न दिया जाए. साथ ही उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर परिजनों को फोन नहीं ले जाने देने के लिए भी बड़ा आरोप लगाया है.
परिजनों ने अस्पताल पर लगाया बड़ा आरोप
फोन नहीं ले जाने देने की अनुमति पर अस्पताल के कर्मचारियों से सोनम की पत्नी की बहस भी हुई. इस दौरान वहां मौजूद एक अन्य महिला ने कहा कि यहां कुछ नहीं हो रहा है तो फोन क्यों नहीं ले जाने दिया जा रहा है. इस पर अस्पताल के कर्मचारी ने कहा कि मैं इस पर कुछ नहीं कह सकता हूं. मैं बस इलाज कर सकता हूं.
इधर सफदरजंग अस्पताल ने सोनम के स्वास्थ्य को लेकर हेल्थ बुलेटिन भी जारी किया है. जिसमें बताया गया कि लंबे समय तक उपवास और डिहाइड्रेशन की वजह से सोनम वांगचुक कमज़ोर हो गए हैं, लेकिन अभी उनकी हालत स्थिर है. आपको बता दें कि पुलिस ने मेडिकल सलाह और दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए जंतर-मंतर पर चल रही उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के 21वें दिन तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में शिफ्ट किया.
सुबह जब पुलिस वाले विरोध वाली जगह पर पहुंचे, तो प्रदर्शनकारी मंच की ओर दौड़े. कई लोगों ने हाथ पकड़कर एक इंसानी चेन बनाई ताकि अधिकारियों को वांगचुक को ले जाने से रोका जा सके. वांगचुक को बाहर ले जाने से पहले पुलिस वालों ने मंच के चारों ओर एक बड़ा सफ़ेद पर्दा भी लगा दिया, जिससे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई.
सादे कपड़ों में आए थे जवान
एक प्रदर्शनकारी ने आरोप लगाया कि वे सुबह-सुबह सादे कपड़ों में आए थे. जब हमने पूछा कि वे कौन हैं, तो पहले उन्होंने कहा कि वे डॉक्टर हैं. बाद में, उन्होंने हमें बताया कि उनके पास सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने का हाई कोर्ट का आदेश है. हमने उनसे अनुरोध किया कि वे उनके ज़रूरी मेडिकल टेस्ट पूरे होने तक इंतज़ार करें, लेकिन वे अंदर घुस गए और उन्हें ले गए.
प्रदर्शनकारी ने यह भी आरोप लगाया कि इस धक्का-मुक्की में कई लोग घायल हो गए. एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा कि वे विरोध जारी रखेंगे और वांगचुक व कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके का समर्थन करेंगे. प्रदर्शनकारी ने कहा कि हम सोनम वांगचुक और अभिजीत के साथ खड़े हैं और यह विरोध जारी रखेंगे.
अनमोल नाथ