राजधानी दिल्ली में लगातार बारिश के बाद अब मॉनसून की गतिविधियों पर ब्रेक लगने वाला है. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में बारिश की रफ्तार धीमी रहेगी और लोगों को एक बार फिर उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. मॉनसून ब्रेक की स्थिति के चलते अगले करीब एक सप्ताह तक बारिश की संभावना काफी कम है. इस दौरान अधिकतम तापमान बढ़कर 37 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
हाल ही में दिल्ली-एनसीआर में हुई तेज बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी थी. कई इलाकों में भारी बारिश के कारण जलभराव और ट्रैफिक जाम जैसी परेशानियां भी सामने आईं. बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी और मौसम सुहावना हो गया था.
क्या होता है मॉनसून ब्रेक?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मॉनसून ब्रेक का मतलब यह नहीं है कि मॉनसून खत्म हो गया है. यह मॉनसून की सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा होता है, जिसमें कुछ समय के लिए बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ जाती हैं. इस दौरान बादल कम बनते हैं और धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी होने लगती है.
स्काईमेट के मुताबिक, दिल्ली में भारी बारिश कराने वाला निम्न दबाव का क्षेत्र, जो पहले उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश पर बना हुआ था, अब मध्य उत्तर प्रदेश की ओर खिसक गया है और कमजोर भी पड़ चुका है. यह मौसम प्रणाली अब हिमालय की तराई के पास पहुंचकर धीरे-धीरे समाप्त होने की संभावना है.
इसके कारण मॉनसून की अक्षीय रेखा (Monsoon Trough) भी दिल्ली से उत्तर की ओर खिसक गई है. हालांकि यह बहुत दूर नहीं गई है, लेकिन अब यह दिल्ली में तेज बारिश कराने की स्थिति में नहीं है. अनुमान है कि अगले दो दिनों तक कहीं-कहीं बहुत हल्की फुहार पड़ सकती है, लेकिन इसकी संभावना भी काफी कम है. कुल मिलाकर अगले लगभग एक सप्ताह या उससे अधिक समय तक दिल्ली में बारिश की संभावना बेहद कम रहेगी और मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा.
दिल्ली में फिर बढ़ेगी उमस
बारिश थमने के बाद हवा में नमी बनी रहेगी. ऐसे में तापमान ज्यादा बढ़ने के साथ लोगों को गर्मी ज्यादा महसूस हो सकती है. दिन के समय तेज धूप और शाम के वक्त उमस परेशान कर सकती है. मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है.
बारिश कब लौटेगी?
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून ब्रेक अस्थायी होता है. जैसे ही मानसूनी सिस्टम दोबारा सक्रिय होगा, दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं. फिलहाल अगले कुछ दिनों तक लोगों को गर्म और उमस भरे मौसम के लिए तैयार रहना होगा.
aajtak.in