'मैंने कब कहा तेजस्वी सीएम होंगे...? तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के सवाल पर भड़के ललन सिंह

JDU नेता ललन सिंह से पूछा गया कि 2025 में मुख्यमंत्री कौन होगा? इस पर उन्होंने कहा कि 2025 में महागठबंधन का नेतृत्व किसके हाथ होगा ये उस वक्त देखा जाएगा. उन्होंने कहा कि हमने कभी नहीं कहा कि तेजस्वी मुख्यमंत्री होंगे. हालांकि, इससे पहले नीतीश कुमार ने पिछले दिनों विधायक दल की बैठक में कहा था कि 2025 में महागठबंधन को डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव लीड करेंगे.

Advertisement
तेजस्वी यादव और ललन सिंह (फाइल फोटो) तेजस्वी यादव और ललन सिंह (फाइल फोटो)

सुजीत झा

  • पटना,
  • 21 फरवरी 2023,
  • अपडेटेड 7:56 AM IST

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुले मंच से ऐलान कर चुके हैं कि 2025 में महागठबंधन को डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव लीड करेंगे. लेकिन महागठबंधन के नेता यहां तक कि नीतीश कुमार की पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह इससे सहमत नजर नहीं आ रहे हैं. ललन सिंह से जब तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, मैंने कब कहा कि तेजस्वी सीएम बनेंगे? इससे पहले महागठबंधन में शामिल पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी अपने बेटे को बाकी उम्मीदवारों से ज्यादा शिक्षित और बेहतर बता चुके हैं.

दरअसल, ललन सिंह से पूछा गया था कि क्या 2025 में तेजस्वी बिहार के सीएम बनेंगे? इस पर उन्होंने कहा कि अभी 2025 आने में समय है. ललन सिंह से जब पूछा गया कि 2025 में मुख्यमंत्री कौन होगा? इस पर उन्होंने कहा कि 2025 में महागठबंधन का नेतृत्व किसके हाथ होगा ये उस वक्त देखा जाएगा. उन्होंने कहा कि हमने कभी नहीं कहा कि तेजस्वी मुख्यमंत्री होंगे. 

Advertisement

तेजस्वी यादव के सीएम बनाने के कयास

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पिछले साल बीजेपी से नाता तोड़कर महागठबंधन में शामिल हो गए थे. इसके बाद से उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में अपनी सक्रियता बढ़ाई है. तभी से कयास लगाए जा रहे हैं कि नीतीश कुमार बिहार में महागठबंधन की बागडोर तेजस्वी को सौंपकर पूरी तरह से दिल्ली की राजनीति में अपनी दखल बढ़ा सकते हैं. इतना ही नहीं खुद नीतीश कुमार ने पिछले दिनों इसके संकेत दिए थे. 

तेजस्वी को महागठबंधन को आगे बढ़ाना है- नीतीश

नीतीश कुमार ने पिछले दिनों विधायक दल की बैठक में कहा था कि 2025 में महागठबंधन को डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव लीड करेंगे. उन्हें ही महागठबंधन को आगे बढ़ाना है. हालांकि, नीतीश के इस बयान को लेकर उपेंद्र कुशवाहा ने उन पर निशाना भी साधा था. उपेंद्र कुशवाहा ने कहा था कि पार्टी से बाहर के किसी चेहरे को बढ़ाना ठीक नहीं है. उन्होंने नीतीश कुमार से मांग की थी कि वे लव कुश समाज के किसी भी चेहरे को लीडर के तौर पर आगे बढ़ाएं. 

Advertisement

RJD उठा रही तेजस्वी यादव को सीएम पद सौंपने की मांग

आरजेडी के पास 80 विधायक हैं और नीतीश कुमार के 43 विधायक हैं. इसी आधार पर आरजेडी के नेता तेजस्वी को सीएम की कुर्सी पर बैठाने की मांग उठा रहे हैं. आरजेडी के नेता लगातार मांग कर रहे हैं कि नीतीश कुमार को चाहिए कि सीएम की कुर्सी तेजस्वी यादव को सौंपकर 'दिल्ली कूच' करे. आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने भी पिछले दिनों कहा था कि 2023 में नीतीश को बिहार की कमान तेजस्वी यादव को दे देनी चाहिए और 2024 के चुनाव के लिए उन्हें अपना ध्यान लगाए. हालांकि, नीतीश कुमार साफ कर चुके हैं कि 2025 के बिहार विधानसभा की कमान तेजस्वी यादव के हाथों में होगी और उन्हीं के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा.  

 


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »