देश भर राम नवमी का उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है. अब भगवान राम का जिक्र हो और टीवी शो 'रामायण' में भगवान राम का किरदार निभाने वाले एक्टर अरुण गोविल की बात न हो ऐसा कैसे हो सकता है. उन्होंने न केवल इस किरदार को जिया, बल्कि लोगों की आस्था के प्रतीक बन गए. लेकिन क्या आप जानते हैं कि वो इस किरदार के लिए पहली पसंद नहीं थे?
न्यूज एजेंसी को दिए एक इंटरव्यू में अरुण गोविल ने बताया था कि वो राम के किरदार के लिए पहली पसंद नहीं थे. एक नए इंटरव्यू में अरुण ने बताया कि 'रामायण' के निर्माता रामानंद सागर ने उनका ऑडिशन लिया था, लेकिन उन्हें रिजेक्ट कर दिया था.
अरुण ने 'रामायण' के बारे में बताया
अरुण गोविल कहा था, 'उन्होंने (रामानंद सागर) मेरा ऑडिशन लिया और ऑडिशन में ही मुझे रिजेक्ट कर दिया. उनके बेटों प्रेम सागर, मोती सागर और आनंद सागर ने मुझसे भरत और लक्ष्मण का किरदार निभाने के लिए कहा, लेकिन मैंने कहा, 'मैं भगवान राम का किरदार निभाना चाहता हूं और अगर मैं इसके लिए सही नहीं हूं, तो कोई बात नहीं.' बाद में उन्होंने इस रोल के लिए किसी और को चुन लिया.'
'हालांकि, कुछ दिनों बाद मुझे सागर साहब का फोन आया. उन्होंने कहा क्या कर रहे हो? मैंने कहा कुछ नहीं तो उन्होंने मुझे कहा कि जरा मिलने आ जाओ. मैं उनसे मिलने उनके घर गया तो उन्होंने कहा कि हमारी सिलेक्शन कमेटी ने ये तय किया है कि तेरे जैसा राम नहीं मिल रहा है.'
'रामायण' के बारे में और जानकारी
'रामायण' में अरुण ने भगवान राम, दीपिका चिखलिया ने सीता और सुनील लहरी ने लक्ष्मण का किरदार निभाया था. दिवंगत दारा सिंह ने हनुमान का किरदार निभाया था और अरविंद त्रिवेदी ने रावण का किरदार निभाया था.
इस शो को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था. भगवान राम के किरदार को जिस तरह से अरुण ने निभाया, उससे उन्हें बहुत ज्यादा लोकप्रियता मिली.
कितनी मिली फीस?
वहीं अरुण गोविल ने लखनऊ में हुए साहित्य आजतक प्रोग्राम में रामायण में अपनी फीस पर भी खुलासा किया था. इस दौरान उन्होंने लोगों से पूछा, 'आप मूंगफली खरीदते हैं ना, वो पैसे जो मिले थे वो पीनट थे. वो काम मैंने पैसे के लिए नहीं किया, वो रोल मैं करना चाहता था.'
'रामायण' के बारे में
'रामायण' को रामानंद सागर ने बनाया, लिखा और डायरेक्ट किया था. 78 एपिसोड वाला यह सीरियल सबसे पहले 1987 से 1988 तक दूरदर्शन पर दिखाया गया था. इसके बाद Covid-19 महामारी के दौरान जब इसे दोबारा दिखाया गया, तो यह शो बहुत ज्यादा पॉपुलर हुआ.
aajtak.in