पॉपुलर म्यूजिक कंपोजर हिमेश रेशमिया इंडियन टेलीविजन के इतिहास में कुछ ऐसा कर रहे हैं, जो आज से पहले कभी देखा नहीं गया. सोनी टीवी के सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' के नए सीजन में वो उन सभी पुराने कंटेस्टेंट्स को वापस ला रहे हैं, जिन्होंने ये शो या तो जीता है. या वो रनर-अप आए हैं. शो का टैगलाइन यही है कि चैम्पियन को भी फिर से जीतना पड़ेगा.
इंडियन आइडल लेजेंड्स के कई सारे प्रोमो रिलीज हुए हैं, और उन्हें लोगों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है. शो की शुरुआत में 24 घंटे से ज्यादा का समय बाकी है. ऐसे में इस सीजन कौन-कौनसे 'धुरंधर' सिंगर को हिमेश रेशमिया अपने शो में लेकर आए हैं, ये जानने की दिलचस्पी हर किसी को होगी ही. ऐसे में एक नजर सभी कंटेस्टेंट्स पर डालते हैं, जो फिर इंडियन आइडल के मंच पर खुद को साबित करने के लिए लौटेंगे.
पहले सीजन के विजेता अभिजीत सांवत
इस सीजन की खास बातों में से एक अभिजीत सावंत भी हैं. 20 साल पहले जब इंडियन आइडल की शुरुआत इंडिया में हुई थी, तो उसके पहले सीजन के विजेता अभिजीत थे. इस शो ने उन्हें नाम, दौलत-शौहरत- हर उस चीज से नवाजा जिसका सपना हर कोई देखता है. अब करीब दो दशक बाद उसी मंच पर लौटने को लेकर अभिजीत ने कहा कि यहां वापस आना उनके लिए घर लौटने जैसा है. उन्होंने कहा भी है कि इस मंच पर खड़े होने की एक अलग ही खुशी और एक्साइटमेंट है, क्योंकि इसी मंच ने उन्हें उनकी पहचान दी थी.
अभिजीत के साथ पहले सीजन के रनर-अप अमित सना भी शो में लौट रहे हैं. दोनों को इतने सालों बाद एक ही मंच पर देखना फैंस के लिए काफी खास होने वाला है. अमित सना ने अभिजीत की वापसी पर उनकी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि अभिजीत सावंत के बिना ‘इंडियन आइडल’ अधूरा लगता है. यानी जिस सीजन में कभी अभिजीत और अमित के बीच विनर बनने की होड़ देखने को मिली थी, अब वही दोनों सालों बाद फिर से एक साथ मंच शेयर करते दिखाई देंगे. क्या इस बार भी दोनों के बीच 'लेजेंड' बनने को लेकर जंग छिड़ेगी? ये देखने वाली बात रहने वाली है.
कौन-कौन से पुराने कंटेस्टेंट लौट रहे हैं?
इंडियन आइडल लेजेंड्स' में कई अलग-अलग सीजन के कंटेस्टेंट्स नजर आएंगे. इनमें सलमान अली, मोहम्मद दानिश, प्राजक्ता शुकरे, बिदिप्ता चक्रवर्ती, अंशिका चोनकर, मनराज वीर, तानिष्क शुक्ला, सायली कांबले समेत कई नाम शामिल हैं. ये वो सितारे हैं जिन्होंने अपने सीजन में धूम मचाई थी. शो का प्रीमियर 17 अक्टूबर 2026 को होगा और ये शनिवार-रविवार रात 8 बजे सोनी टीवी पर आएगा. इसे ओटीटी पर सोनी लिव पर भी देखा जा सकेगा.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क