पाकिस्तानी एक्ट्रेस मीरा ने महेश भट्ट की फिल्म 'नजर' से 2005 में बॉलीवुड में डेब्यू किया था. लेकिन इसके बाद ही उन्होंने फिल्म मेकर पर शारीरिक प्रताड़ना के आरोप भी लगा दिए थे. तब बहुत विवाद हुआ था, पर अब सालों बाद एक्ट्रेस ने सभी इल्जामों को खुद खारिज किया और कहा कि महेश को पाकिस्तान आना चाहिए, अपनी अधूरी फिल्म 'शोहरत' को पूरी करने.
फिर बॉलीवुड आना चाहती हैं मीरा!
'नजर' फिल्म में मीरा के साथ अश्मित पटेल थे. इसे सोनी राजदान ने डायरेक्ट किया था. फिल्म में मीरा ने बोल्ड सीन्स दिए थे, बावजूद इसके नजर को बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा दर्शक नहीं मिल पाए थे. अब मीरा पाकिस्तान में हैं और उनकी 'साइको' रिलीज होने वाली है. ये पाकिस्तान में ही रिलीज होगी. मीरा ने इस बात पर भी दुख जताया और कहा कि अफसोस है कि ये भारत में रिलीज नहीं होगी.
इसी के साथ मीरा ने महेश भट्ट की अधूरी फिल्म 'शोहरत' के बारे में बात की. 'नजर' के बाद वो महेश और पूजा भट्ट के साथ इस फिल्म में काम करने वाली थीं.
मीरा ने द ब्लू ट्रूथ से बातचीत में कहा कि- शोहरत की स्क्रिप्ट अच्छी थी, जिसे पूजा भट्ट डायरेक्ट कर रही थीं. और शगुफ्ता ऐजाज ने इसकी कहानी लिखी थी. मीरा ने आगे कहा कि वो आज भी चाहती हैं कि महेश भट्ट पाकिस्तान आएं और इस फिल्म को पूरा करें. उन्होंने पूजा भट्ट और महेश भट्ट दोनों को पाकिस्तान आने का न्योता भी दिया.
कुछ साल पहले मीरा ने महेश भट्ट पर कंट्रोलिंग व्यवहार और शारीरिक दुर्व्यवहार के आरोप लगाए थे. लेकिन इस इंटरव्यू में उन्होंने इन आरोपों से साफ इनकार कर दिया. उन्होंने कहा- नहीं, ऐसा कुछ नहीं है. वो बहुत अच्छे डायरेक्टर हैं. साथ ही एक और बातचीत में उन्होंने कहा कि महेश भट्ट जी की मैं बहुत इज्जत करती हूं. वो मेरे अब्बू जैसे हैं.
क्या था मीरा-महेश का विवाद?
मालूम हो कि, मीरा ने महेश पर आरोप लगाते हुए कहा था कि- जब मैंने फिल्म 'नजर' से अपना फिल्मी करियर शुरू किया तो मुझे कई फेमस डॉयरेक्टर्स जैसे राम गोपाल वर्मा, मणि रत्नम, सुभाष घई से ऑफर आए जो मेरे साथ काम करना चाहते थे. लेकिन महेश भट्ट नहीं चाहते थे कि मैं उनके अलावा किसी और के साथ काम करूं. एक रात मैं सुभाष घई से मिली. जब मैंने महेश जी को ये बात बताई तो वो बहुत गुस्सा हुए, मुझ पर बहुत चिल्लाएं और मुझे दो-तीन थप्पड़ भी मारा.
मीरा ने आगे बताया था- पता नहीं क्यों वो बड़ी अजीब बातें करते थे. वो मुझसे कहा करते थे कि तुम मेरे लिए पूजा जैसी हो. तुम में और पूजा में कोई फर्क नहीं है. और फिर कुछ देर बाद कहते कि मैं तुम्हें काफी चाहता हूं और तुम मेरे लिए बहुत स्पेशल हो. ये बता पाना बहुत मुश्किल है कि वो आखिर मुझसे चाहते क्या थे.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क