फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है. पिक्चर को अपनी कहानी, स्क्रीनप्ले और म्यूजिक के साथ-साथ दमदार कास्टिंग के लिए भी खूब सराहा जा रहा है. लीड रोल में रणवीर सिंह जैसे बढ़िया टैलेंट के साथ-साथ सीनियर एक्टर राकेश बेदी, संजय दत्त, अक्षय खन्ना और यहां तक कि गौरव गेरा जैसे बढ़िया सितारों ने 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी में काम किया है. फिल्म से जुड़ा हर एक्टर अपने रोल में इतना परफेक्ट फिट बैठा है जैसे कि किरदार उनके लिए ही लिखे गए हों.
इसका श्रेय कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा को जाता है. हाल ही में एक इंटरव्यू में छाबड़ा ने फिल्म की कास्ट तैयार करने की पूरी प्रक्रिया के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि उनकी कुछ सबसे सरप्राइजिंग चॉइस आखिरकार सबसे असरदार साबित हुईं.
'माधवन ने तुरंत कहा था हां'
हिंदुस्तान टाइम्स संग बातचीत में मुकेश छाबड़ा ने बताया कि आज के समय में इतना बड़ी एन्सेम्बल कास्ट जुटाना आसान काम नहीं था. उन्होंने कहा, 'आजकल बड़ी एन्सेम्बल कास्ट को तैयार करना बहुत मुश्किल है. अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल का फिल्म में आना बहुत खुशी की बात थी. प्रक्रिया इसी तरह शुरू हुई. पहले हमने बड़े नामों को लॉक किया और फिर धीरे-धीरे डिटेल्स में गए. माधवन ने तुरंत हां कह दी थी. वह मेरी पसंदीदा कास्टिंग थी. पहले दिन ही, सिर्फ दो घंटे में हमने उन्हें लॉक कर लिया था. उसके बाद राकेश बेदी और फिर बाकी लोग शामिल हुए. हमने बड़े नामों से शुरू किया और फिर स्टेप बाय स्टेप, सीन-बाय-सीन आगे बढ़े. मुझे याद है कि दोनों पार्ट्स की पूरी कास्टिंग करने में करीब डेढ़ साल का समय लगा था.'
जमील जमाली का रोल एक्टर्स ने ठुकराया
'धुरंधर 2' के सबसे ज्यादा चर्चित कलाकार राकेश बेदी हैं. आमतौर पर कॉमिक रोल्स के लिए जाने जाने वाले राकेश बेदी को 'धुरंधर' में देखकर कई लोग हैरान रह गए. इस फैसले के बारे में बताते हुए मुकेश छाबड़ा ने कहा कि उनका मकसद ही ऑडियंस की उम्मीदों को चैलेंज करना था.
उन्होंने कहा, 'कास्टिंग का पूरा मकसद यही होता है कि लोग कहें, 'इन्होंने ये सोचा कैसे?' कई एक्टर्स ने शुरू में उस रोल को ना कह दिया था. लेकिन उन्होंने आदित्य धर के साथ पहले ही एक सीन कर लिया था. इसलिए मैंने सोचा- इन्हें ही क्यों न लिया जाए? वे बेहतरीन एक्टर हैं. मैंने सोचा लोग शॉक्ड रह जाएंगे, क्योंकि उन्होंने ज्यादातर कॉमेडी ही की है. कोई उनको सोच भी नहीं सकता.”
छाबड़ा ने याद करते हुए बताया कि बात कितनी जल्दी पक्की हो गई. उन्होंने कहा, 'मैंने तुरंत उन्हें फोन किया और कहा, 'आदित्य धर ने आपको बताया था कि कुछ बड़ा आने वाला है, ये वही है, उनसे बात कर लो.' और फोन पर ही हमने उन्हें लॉक कर लिया. आदित्य ने कहा, 'मैंने उनके साथ सीन किया है, शानदार आइडिया है, मजा आएगा.''
गौरव गेरा छोड़ चुके थे मुंबई
एक और अनएक्सपेक्टेड चॉइस रहे एक्टर गौरव गेरा. कॉमेडी वीडियो के लिए मशहूर गौरव गेरा को इस फिल्म में देखकर सब हैरान थे. इसपर मुकेश ने कहा, 'जब मैं स्क्रिप्ट पढ़ता हूं तो हमेशा सोचता हूं कि टीपिकल कास्टिंग से कैसे हटकर जा सकते हैं? गौरव ने बहुत सारे कॉमेडी वीडियोज किए हैं, इसलिए लोग उनकी इस साइड की उम्मीद नहीं रखते. अगर हम किसी ऐसे को लेते जो पहले से सीरियस रोल्स के लिए जाना जाता है, तो सरप्राइज नहीं होता.'
छाबड़ा ने बताया कि उन्होंने गेरा के काम को बहुत ध्यान से देखा था और उनकी रेंज पर उन्हें पूरा भरोसा था. उन्होंने कहा, 'मैंने उनका बहुत सारा काम देखा है. जो एक्टर इतनी मिमिक्री और कॉमेडी कर सकता है, उसमें ताकत होती है. लोगों ने जस्सी जैसी कोई नहीं देखा है. मुझे पता था कि वे कर सकते हैं.'
उस समय गेरा मुंबई छोड़कर गुरुग्राम चले गए थे. मुकेश ने बताया, 'वे गुरुग्राम शिफ्ट हो गए थे. मैंने उन्हें फोन किया और कहा, 'कुछ दिन दाढ़ी बढ़ा लो, मुझे कुछ टेस्ट करना है, मैं लोगों को सरप्राइज देना चाहता हूं.' उन्होंने कहा, 'पाजी, आप जो कहेंगे, मैं करूंगा.' उन्होंने दाढ़ी बढ़ाई, टेस्ट दिया और आदित्य धर ने खुद पूछा, 'ये कौन एक्टर है?' मैंने कहा, 'गौरव गेरा' और वे बोले, 'क्या!''
फिल्म रिलीज होने के बाद मिला रिएक्शन इस फैसले को बिल्कुल सही साबित करता है. कास्टिंग डायरेक्टर ने आगे कहा, 'फिल्म के बाद इंडस्ट्री के हर किसी ने मुझे फोन करके पूछा कि वो एक्टर कौन था. वे सोच रहे थे कि नया चेहरा है. और मैंने कहा, नया नहीं है, गौरव गेरा है. यही कास्टिंग का सबसे अच्छा हिस्सा है, जब लोग शॉक्ड रह जाते हैं.'
इसी बीच 'धुरंधर द रिवेंज' ने अपने दूसरे शुक्रवार को भारत में लगभग 41 करोड़ रुपये की कमाई की. इसके साथ फिल्म का भारत में कुल कलेक्शन 715 करोड़ रुपये के आपसस हो गया है. इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस 1200 करोड़ रुपये पहुंच चुका है.
aajtak.in