कमल हासन की पार्टी MNM तमिलनाडु में नहीं लड़ेगी चुनाव, DMK गठबंधन को बिना शर्त दिया समर्थन

कमल हासन की पार्टी मक्कल नीधि मय्यम ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने और डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन को बिना शर्त समर्थन देने का फैसला किया है. सीट बंटवारे और चुनाव चिन्ह को लेकर असहमति के बीच लिया गया यह निर्णय रणनीतिक कदम माना जा रहा है.

Advertisement
कमल हासन की पार्टी एमएनएम ने तमिलनाडु चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया और डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन को बिना शर्त समर्थन दिया. (File Photo: PTI) कमल हासन की पार्टी एमएनएम ने तमिलनाडु चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया और डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन को बिना शर्त समर्थन दिया. (File Photo: PTI)

प्रमोद माधव / अनघा

  • चेन्नई,
  • 24 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:01 PM IST

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 से पहले एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है. अभिनेता-राजनेता कमल हासन की पार्टी मक्कल नीधि मय्यम (MNM) ने चुनाव न लड़ने और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के नेतृत्व वाले गठबंधन को बिना शर्त समर्थन देने का ऐलान किया है. यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब डीएमके और उसके सहयोगियों के बीच सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दिया जा चुका है.

Advertisement

कमल हासन ने कहा कि उनकी पार्टी को दी गई सीटों की संख्या और डीएमके के ‘राइजिंग सन’ चिन्ह पर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव एमएनएम को स्वीकार नहीं था. उन्होंने स्पष्ट कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में यह प्रस्ताव न तो उन्हें और न ही उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को मंजूर है.

चुनाव से दूर रहने का फैसला

कमल हासन ने कहा, 'मक्कल नीधि मय्यम 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सीधे तौर पर नहीं लड़ेगी और डीएमके गठबंधन के उम्मीदवारों को बिना शर्त समर्थन देगी.' उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि यह फैसला उनके भावनाओं और विश्वास को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. कमल हासन ने विश्वास जताया कि डीएमके एक बार फिर सत्ता में लौटेगी और उन्होंने उम्मीद जताई कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के शपथ ग्रहण समारोह में उन्हें बधाई देंगे.

Advertisement

यह भी पढ़ें: हर परिवार को ₹10000, मुफ्त बस यात्रा, 3 सिलेंडर... तमिलनाडु चुनाव के लिए AIADMK का घोषणापत्र जारी

एमके स्टालिन ने जताया आभार

कमल हासन के इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए डीएमके सुप्रीमो और ​तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने उनका आभार जताया. स्टालिन ने कहा कि कमल हासन ने उनसे व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर अपने इस निर्णय के बारे में जानकारी दी. उन्होंने इसे तमिलनाडु के हित में किया गया बड़ा त्याग बताया. स्टालिन ने कहा कि वह उम्मीद करते हैं कि कमल हासन पूरे राज्य में डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन के लिए प्रचार करेंगे और पार्टी को सत्ता में एक बार फिर वापसी कराने में उनका योगदान अहम होगा.

डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन में सीटों का बंटवारा हो गया है. इसके मुताबिक कांग्रेस 28, वीसीके 8, डीएमडीके 10, सीपीआई 5, सीपीएम 5, एमडीएमके 4, आईयूएमएल 2, एमएमके 2, केएमडीके 2 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे. एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली डीएमके 168 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. 234 सीटों वाली तमिलनाडु विधानसभा के लिए मतदान 23 अप्रैल को होगा, जबकि नतीजे 4 मई को आएंगे. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement