तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले एडप्पादी पलानीस्वामी नेतृत्व वाली ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) ने मंगलवार को चेन्नई स्थित पार्टी मुख्यालय में अपना घोषणापत्र जारी किया. सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही पार्टी ने अपने घोषणापत्र में कई लोकलुभावन वादों के साथ-साथ रोजगार, कृषि और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं का भी जिक्र किया है. एआईएडीएमके का कहना है कि उसने आम जनता और खासकर महिलाओं को केंद्र में रखकर अपना घोषणापत्र तैयार किया है.
घोषणापत्र की प्रमुख बातें
एआईएडीएमके का कहना है कि ये योजनाएं महंगाई से जूझ रही जनता को राहत देंगी और घरेलू खर्च का बोझ कम करेंगी. घोषणापत्र जारी करते हुए पार्टी प्रमुख पलानीस्वामी ने सत्तारूढ़ डीएमके सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि स्टालिन सरकार के कार्यकाल में 'कमीशन और कलेक्शन' की संस्कृति बढ़ी है और भ्रष्टाचार व्यवस्था का हिस्सा बन गया है. उन्होंने दावा किया कि एआईएडीएमके सत्ता में आने पर पारदर्शी और जवाबदेह शासन देगी, जहां भ्रष्टाचार पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचेगा.
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव: AIADMK 178 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, BJP को मिलीं 27... सीट बंटवारा फाइनल
गठबंधन में सीटों का बंटवारा फाइनल
इस बीच, सहयोगी दल तमिल मानिला कांग्रेस के प्रमुख जीके वासन ने एआईएडीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन की जीत को लेकर भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि राज्य में इस गठबंधन के पक्ष में सकारात्मक माहौल है और आगामी चुनाव में हमारा गठबंधन जीत हासिल करेगा. बता दें कि एआईएडीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन में सीटों का बंटवारा भी तय हो चुका है. इसके तहत भाजपा को 27 सीटें पट्टाली मक्कल कच्ची को 18 सीटें, अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम को 11 सीटें दी गई हैं. गठबंधन का लक्ष्य राज्य में मजबूत चुनौती पेश करना और सत्तारूढ़ डीएमके को कड़ी टक्कर देना है. एआईएडीएमके 178 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.
तमिलनाडु में 23 अप्रैल को होगी वोटिंग
बता दें कि 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा के लिए मतदान 23 अप्रैल को होना है. ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीति के साथ चुनावी मैदान में उतर चुके हैं. एआईएडीएमके का यह घोषणापत्र स्पष्ट रूप से कल्याणकारी योजनाओं और भ्रष्टाचार विरोधी एजेंडे पर केंद्रित है, जिससे पार्टी मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने की कोशिश कर रही है. अब देखना होगा कि जनता इन वादों को कितना स्वीकार करती है और चुनावी नतीजों में इसका कितना असर देखने को मिलता है.
प्रमोद माधव