महाष्टमी की रात लापता हुई 17 साल की लड़की, झाड़ियों में मिली लाश, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

रांची के मारदू गांव में 17 वर्षीय लड़की की लाश झाड़ियों में मिलने से सनसनी फैल गई. इस मामले में लड़की के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका के बीच पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. इस दौरान फॉरेंसिक टीम और SIT गठन की मांग भी की गई. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (फोटो-ITG) इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (फोटो-ITG)

सत्यजीत कुमार

  • रांची,
  • 19 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:20 PM IST

रांची के सिल्ली इलाके में एक नाबालिग लड़की की मौत का मामला सामने आया है. मुरी ओपी थाना क्षेत्र के मारदू गांव में 17 वर्षीय लड़की का शव गांव के पास झाड़ियों से बरामद किया गया. परिजनों ने बताया कि लड़की 18 अक्टूबर की रात अपने 7 साल के चचेरे भाई के साथ घर से बाहर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. बाद में उसके चचेरे भाई से मिली जानकारी के आधार पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. लड़की का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस को आशंका है कि लड़की के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी.

Advertisement

परिजनों के मुताबिक, 18 अक्टूबर को लड़की किसी काम से घर से बाहर जाने की बात कहकर निकली थी. उसके साथ उसका 7 वर्षीय चचेरा भाई भी था. काफी देर तक दोनों के वापस नहीं लौटने पर परिवार को चिंता हुई. देर शाम लड़की के चचेरे भाई के घर पहुंचने के बाद घटना के बारे में जानकारी मिली. बताया गया कि रास्ते में कुछ लोगों ने बच्चे के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद वह बेहोश हो गया था. होश आने पर वह घर पहुंचा और परिजनों को घटना के बारे में बताया. बच्चे को भी चोटें आई थीं और इलाज के बाद उसे घर लाया गया.

घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण लड़की की तलाश में जुट गए. इस दौरान गांव के पास झाड़ियों में उसका शव बरामद हुआ. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) भेज दिया. बताया जा रहा है कि लड़की का मोबाइल फोन भी गायब है, जिसे जांच का एक अहम बिंदु माना जा रहा है. पुलिस मोबाइल फोन के गायब होने समेत घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

Advertisement

मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची से खोजी कुत्ते की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. फॉरेंसिक और तकनीकी जांच दल ने मौके का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य और नमूने एकत्र किए. घटनास्थल की जांच के बाद प्रशासन ने रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच शव को वहां से उठाकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा. पुलिस लड़की के चचेरे भाई और परिजनों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों को समझा जा सके. इस मामले में एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिए जाने की खबर भी सामने आई है, लेकिन उसकी भूमिका को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

यह घटना दुर्गा पूजा के दौरान महाष्टमी की रात हुई, जिससे स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है. नवरात्रि में देवी की पूजा के बीच एक नाबालिग लड़की के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या की आशंका ने लोगों को झकझोर दिया है. ग्रामीणों के मुताबिक, मृतका की उम्र करीब 17 साल 9 महीने थी और वह कक्षा 11वीं की छात्रा थी. उसे पढ़ाई-लिखाई पर ध्यान देने वाली और सरल स्वभाव की लड़की बताया गया है. घटना के बाद गांव में भय का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस वारदात के बाद महिलाएं खेतों में जाने, बाड़ी में काम करने और घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रही हैं.

Advertisement

घटना की जानकारी मिलने पर आजसू पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो मारदू गांव पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ रातभर मौजूद रहे. बताया गया कि उन्होंने पुलिस से मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की. दुर्गा पूजा के दौरान हुई इस घटना पर उन्होंने दुख जताया. वहीं, झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के नेता देवेंद्र नाथ महतो भी 18 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे गांव पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

JLKM नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि मारदू गांव में नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या की घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल है. उन्होंने पुलिस और प्रशासन से कहा कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने, उसकी वीडियोग्राफी कराने और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित रखने में सावधानी बरती जाए, ताकि कोई अहम सबूत नष्ट न हो. उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से फोन पर बात कर मामले की जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए कई मांगें रखीं. उनकी प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:

1. कठोरतम सजा: जांच में दोष साबित होने पर आरोपियों को कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाई जाए. उन्होंने दोषियों को फांसी देने की मांग की.
2. फास्ट ट्रैक कोर्ट: मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके.
3. निष्पक्ष और वैज्ञानिक जांच: घटना के प्रत्येक पहलू की गहन, निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से जांच हो.
4. SIT का गठन: जांच की निगरानी और सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की समीक्षा के लिए विशेष जांच दल (SIT) बनाया जाए.
5. पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी: पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई जाए और जरूरी फॉरेंसिक परीक्षण सुनिश्चित किए जाएं.
6. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी: तकनीकी साक्ष्यों, उपलब्ध CCTV फुटेज और अन्य वैज्ञानिक प्रमाणों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाए.
7. परिवार को सहायता: पीड़ित परिवार को सुरक्षा, उचित मुआवजा और निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाए.

Advertisement

देवेंद्र नाथ महतो ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और न्याय की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो उनका संगठन जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगा. उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा केवल परिवार की नहीं, बल्कि समाज और शासन-प्रशासन की भी जिम्मेदारी है. उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बहाल करने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाने की बात कही.

इस मामले में आजतक से बातचीत के दौरान रांची पुलिस की ओर से बताया गया कि जांच में मामले की तह तक पहुंचने की दिशा में प्रगति हुई है. पुलिस के मुताबिक, थोड़े इंतजार के बाद मामले से जुड़ी जानकारी सामने आ सकती है. हालांकि, उपलब्ध जानकारी के आधार पर अब तक किसी आरोपी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस की जांच में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य, तकनीकी जांच और परिजनों से मिली जानकारी अहम हो सकती है. फिलहाल घटना की पूरी सच्चाई सामने आने और आरोपियों की पहचान होने का इंतजार है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »