बिहार के गोपालगंज के महम्मदपुर बाजार में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक लड़की मोबाइल टावर पर चढ़ गई. यह देख आसपास के लोग दंग रह गए और लड़की को नीचे उतरने के लिए समझाने लगे. लड़की लगातार ऊपर चढ़ती चली गई. इसी दौरान सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित तरीके से नीचे उतारा जा सका. इस दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
सिधवलिया थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली लड़की का महम्मदपुर थाना क्षेत्र के परसौनी गांव के राजू से इंस्टाग्राम पर संपर्क हुआ था. बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह रिश्ता प्यार में बदल गया. दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाईं. लड़की ने युवक पर शादी का दबाव बनाना शुरू किया तो उसने शादी से इंकार कर दिया.
यहां देखें Video
इसी बीच लड़की के परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी तो राजू ने वहां जाकर शादी रुकवा दी. प्रेमी के इस व्यवहार से आहत होकर लड़की शुक्रवार को घर से निकलकर महम्मदपुर बाजार पहुंची और वहां एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई.
इस बात की सूचना मिलते ही महम्मदपुर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा. उसके परिजनों को सूचना दी गई. मौके पर पहुंचे परिजन उसे अपने साथ थाना ले गए. जहां पुलिस ने पूछताछ की.
यह भी पढ़ें: 'उसी लड़की से शादी कराओ, वरना कूद जाऊंगा...' मोबाइल टावर पर चढ़ गया युवक, 4 घंटे तक चला ड्रामा
लड़की के मोबाइल टावर पर चढ़ने की सूचना पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. उसे नीचे उतारने के लिए घंटों हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. इस दौरान लोग अपने मोबाइल से वीडियो बनाते रहे, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
इस मामले में गोपालगंज पुलिस ने प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि मामले की सूचना मिली थी. इसके बाद लड़की को सकुशल टावर से नीचे उतार लिया गया. अब उसे थाना लाकर पूछताछ की जा रही है.
विकाश कुमार दुबे