'उसी लड़की से शादी कराओ, वरना कूद जाऊंगा...' मोबाइल टावर पर चढ़ गया युवक, 4 घंटे तक चला ड्रामा

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में लोगों की नजरें अचानक आसमान पर अटक गईं- 40 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर एक युवक बैठा था. युवक नीचे झांककर ऐलान कर रहा था- पसंद की लड़की से शादी नहीं कराई तो कूद जाऊंगा! करीब 4 घंटे तक चला यह हाई-वोल्टेज ड्रामा लोगों को हैरान करता रहा, जबकि जिस लड़की के लिए यह जिद थी, वह इनकार कर चुकी थी.

Advertisement
4 घंटे बाद मोबाइल टावर से उतरा युवक. (Photo: Screengrab) 4 घंटे बाद मोबाइल टावर से उतरा युवक. (Photo: Screengrab)

सुमित सिंह

  • अंबिकापुर,
  • 25 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:30 AM IST

ये कहानी छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर की है. यहां लुंड्रा इलाके में अचानक लोगों की नजर आसमान की ओर टिक गई. एक मोबाइल टावर के ऊपर करीब 40 फीट की ऊंचाई पर एक युवक बैठा था. हवा चल रही थी, और उसके साथ झूलता हुआ वह युवक बार-बार नीचे झांक रहा था- जैसे किसी फैसले का इंतजार कर रहा हो.

नीचे धीरे-धीरे भीड़ जुटने लगी. कोई चौंककर देख रहा था, कोई सहम गया था, तो कोई मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने में जुट गया. कुछ ही मिनटों में यह खबर पूरे इलाके में फैल गई- कोई लड़का टावर पर चढ़ गया है... कूदने की धमकी दे रहा है.

Advertisement

उस युवक का नाम था योगेश यादव. उम्र करीब 27 साल. वह एक जिद पकड़े टावर पर चढ़ा था. ऊपर से उसकी आवाज आई- अगर मेरी शादी मेरी पसंद की लड़की से नहीं कराई गई... तो मैं कूद जाऊंगा!

यह सुनते ही नीचे खड़े लोगों के बीच सन्नाटा छा गया. कुछ ने एक-दूसरे की ओर देखा, जैसे समझ नहीं पा रहे हों कि यह मजाक है या सच. 

थोड़ी ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. थाने से महज 200 मीटर दूर यह पूरा घटनाक्रम हो रहा था, इसलिए खबर मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई. एक पुलिसकर्मी ने ऊपर देखते हुए आवाज लगाई- नीचे आ जाओ... बात करेंगे... ऐसा मत करो!

यह भी पढ़ें: 'शादी तो उसी से करूंगी...', शादीशुदा प्रेमी के लिए टावर पर चढ़ी प्रेमिका, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा

योगेश की जिद कम नहीं हुई. वह टावर पर बैठा बार-बार अपनी बात दोहराता रहा. नीचे खड़े लोगों के बीच अब फुसफुसाहट शुरू हो गई थी. कौन है लड़की? क्या सच में प्यार करता है? या कुछ और मामला है?

Advertisement

धीरे-धीरे सच्चाई भी सामने आने लगी. जिस लड़की के लिए योगेश यह सब कर रहा था... उसने उससे शादी करने से साफ इनकार कर दिया था. इतना ही नहीं, उसने थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी कि योगेश उसे परेशान करता है. यह जानकर भी योगेश नहीं रुका.

करीब दो घंटे बीत चुके थे. फिर तीन... और फिर चार घंटे. कोई भी नहीं चाहता था कि यह कहानी किसी हादसे में खत्म हो. आखिरकार, पुलिस ने उसके परिवार को बुलाया. मां, पिता और कुछ रिश्तेदार मौके पर पहुंचे. परिजनों ने उसकी पसंद की लड़की से शादी कराने पर सहमति जताई. इसके बाद वह टावर से उतरने लगा. जैसे ही उसके पैर जमीन पर पड़े, लोगों ने राहत की सांस ली. लेकिन कहानी का अंत वैसा नहीं था, जैसा वह चाहता था.

जिस लड़की से कर रहा था शादी की जिद, वो कर चुकी थी इनकार

पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया. क्योंकि दूसरी तरफ, उस लड़की की शिकायत पहले से दर्ज थी- परेशान करने और छेड़छाड़ की. युवती ने युवक के साथ प्रेम प्रसंग होने की बात से इनकार कर दिया था. युवक इसी बात से नाराज होकर टावर पर चढ़ा था. फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

इस मामले को लेकर लुंड्रा थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि युवती ने युवक के खिलाफ थाने में बेवजह परेशान करने और छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने युवक को टावर से उतरने के बाद अरेसट कर लिया है, उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »