बेगूसराय पुलिस ने मशहूर गायिका मैथिली ठाकुर का सांस्कृतिक कार्यक्रम करवाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले ठग को गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी बेगूसराय पुलिस ने बिहारीगंज थाना चंडिका स्थान मधेपुरा में चल रहे जागरण कार्यक्रम के दौरान किया है. बताया जाता है कि बेगूसराय शहर के पोखरिया मोहल्ला का रहने वाला संतोष पोद्वार मैथिली ठाकुर के कार्यक्रम के नाम पर दो लाख 40 हजार रुपये लेने और कार्यक्रम रद्द होने के बाद राशि नहीं लौटाने का आरोपी है.
25 अगस्त को कराने वाला था मैथिली ठाकुर का कार्यक्रम
पुलिस उससे पूछताछ करने के बाद शनिवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. संतोष पोद्दार से पूछताछ के दौरान जमीन दिलाने, नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लेने सहित अन्य लोगों के साथ ठगी के मामले भी सामने आए हैं. नावकोठी थानाध्यक्ष मो. फिरदौस ने बताया कि पहसारा निवासी विभाकर कुमार सिंह ने 10 अगस्त 2024 को नावकोठी थाना कांड संख्या 182/24 के तहत संतोष कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करवाई थी.
आवेदन के अनुसार संतोष कुमार ने बसेरा मंच के माध्यम से पहसारा में 25 अगस्त 2024 को गायिका मैथिली ठाकुर का कार्यक्रम कराने वाला था. कार्यक्रम करवाने के नाम पर संतोष कुमार ने विभाकर कुमार सिंह से दो लाख 40 हजार रुपये अग्रिम राशि के रूप में लिए थे. कार्यक्रम रद्द हो जाने के बाद अग्रिम राशि वापस मांगने पर संतोष कुमार टालमटोल करने लगा. काफी दबाव बनाने पर उसने 30 हजार रुपये लौटाए शेष दो लाख 10 हजार रुपये वापस नहीं किया.
आरोपी ने क्या कहा?
बार-बार टालमटोल करने व राशि नहीं लौटाने पर विभाकर कुमार सिंह ने नावकोठी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई. थानाध्यक्ष मो. फिरदौस के मुताबिक पूछताछ के दौरान थाना में पदस्थापित एक पुलिस ऑफिसर से जमीन दिलाने के नाम पर 19 लाख रुपये लेने व बलिया के मनसेरपुर निवासी एक शिक्षक और अन्य लोगों से 28 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला भी प्रकाश में आया है.
पुलिस द्वारा मामलों की जानकारी जुटाने व अन्य आरोपों की जांच की जा रही है. वहीं गिरफ्तार आरोपी संतोष पोद्दार ने बताया कि चेक बाउंस का मामला है. कई लोगों के साथ उसका चेक बाउंस को लेकर मुकदमा है. करीब 50 लाख रुपए की राशि होगी तो आप इस बयान से समझ सकते हैं कि आरोपी खुद 50 लाख तक की चेक बाउंस का मामला बता रहा है, जो कहीं ना कहीं ठगी के आरोप सही साबित हो रहा है.
सौरभ कुमार