त्योहारों का सीजन आते ही गाड़ियों की सेल्स में तेजी आ जाती है. तमाम ऑटोमोबाइल कंपनियों को भी भारतीय बाजार में इस सीजन का इंतजार रहता है. इस बार त्योहारी सीजन में कारों की सेल्स में छोटे शहरों की भूमिका बड़ी होने वाली है. कम से कम रिपोर्ट में तो यही बताया जा रहा है.
कारदेखो ग्रुप ने इस संबंध में एक रिपोर्ट जारी की है, जिसके मुताबिक अगस्त और सितंबर 2026 के दौरान प्लेटफॉर्म पर हुए कुल सर्च में 58 परसेंट हिस्सेदारी छोटे शहरों की है. टियर-2 और टियर-3 शहरों में इन महीनों ज्यादा लोगों ने कारों के बारे में सर्च किया है. बड़ी संख्या में लोग इलेक्ट्रिक कारों के बारे में भी सर्च कर रहे हैं.
इलेक्ट्रिक कारों से जुड़े सर्च के मामले में जयपुर सबसे आगे है. यहां तक की जयपुर ने बेंगलुरु और दिल्ली जैसे बड़े शहरों को भी पीछे कर दिया है. इस दौरान करीब हर चार में से तीन कार खरीदार की दिलचस्पी एसयूवी सेगमेंट में है.
प्री-फेस्टिव सीजन रिसर्च में टियर-2 और छोटे शहरों की हिस्सेदारी करीब 58 परसेंट रही है. जबकि टियर-1 शहरों का हिस्सेदारी 42 परसेंट रही है. उत्तर प्रदेश कार रिसर्च के मामले में सबसे आगे रहा है. कुल रिसर्च में यूपी की हिस्सेदारी 13.3 परसेंट है. इसके बाद 12.3 परसेंट के साथ महाराष्ट्र और 9.1 परसेंट के साथ दिल्ली क्रमशः दूसरे और तीसरे नंबर पर आते हैं.
यह भी पढ़ें: SIERRA जैसी SUV लाने की तैयारी में जुटी JEEP... टाटा मोटर्स से मिलाया हाथ
शहरों की बात करें तो पटना, लखनऊ और जयपुर कारों के बारे में सर्च करने वाले टॉप-10 लिस्ट में शामिल हैं. खास बात ये है कि कारों को लेकर ऑनलाइन रिसर्च के मामले में पटना, अहमदाबाद और मुंबई जैसे शहरों से भी आगे है. छोटे शहरों में कार खरीदने वालों की दिलचस्पी सिर्फ अफोर्डेबल मॉडल तक सीमित नहीं है.
रिपोर्ट के मुताबिक, पटना में कुल कार रिसर्च में लग्जरी कारों की हिस्सेदारी 6.7 परसेंट है. ये आंकड़ा बेंगलुरु के बराबर और दिल्ली से ज्यादा है. टियर-2 और उससे छोटे शहरों में लग्जरी कारों की रिसर्च करने वाले लोगों के बीच SUV की डिमांड भी है. इन शहरों में लग्जरी कारों से जुड़ी कुल रिसर्च में करीब 70 परसेंट हिस्सेदारी एसयूवी की रही, जबकि टियर-1 शहरों में ये आंकड़ा 61 परसेंट था.
यह भी पढ़ें: 5.74 लाख की SUV की बंपर बिक्री... 30 दिनों में 20 हजार से ज्यादा ने खरीदी
कारों की बॉडी स्टाइल की बात करें तो एसयूवी सेगमेंट का दबदबा कायम है. करीब तीन-चौथाई कंज्यूमर्स एसयूवी मॉडल्स के बारे में सर्च कर रहे हैं. इस सेगमेंट में कॉम्पैक्ट एसयूवी की मांग सबसे ज्यादा है. हैचबैक सेगमेंट में भी प्रीमियम मॉडल की तरफ लोगों का रुझान दिख रहा है. हैचबैक से जुड़ी कुल रिसर्च में प्रीमियम हैचबैक की हिस्सेदारी 83 परसेंट है.
अभिषेक मिश्रा