वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप ने भारी तबाही मचाई है. इस आपदा में 10 हजार से एक लाख लोगों के मारे जाने की आशंका है. प्रभावित इलाकों में बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ है. इस मुश्किल घड़ी में भारत ने वेनेजुएला की मदद के लिए आगे आने का फैसला लिया है.
भीषण भूकंप के बाद वेनेजुएला में राहत और बचाव जारी है. जानकारी के मुताबिक, भारत सरकार भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है. भारत सरकार ने राहत और बचाव में सहयोग के लिए NDRF को तैयार रहने के लिए कहा है.
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की एक विशेष टीम को वेनेजुएला भेजने की तैयारी शुरू हो गई है. भारत की इस पहल को वैश्विक मानवीय सहयोग और आपदा प्रबंधन में उसकी बढ़ती भूमिका के तौर पर देखा जा रहा है.
पहले भी मदद के लिए आगे आता रहा है भारत
भारत आपदा के समय अंतरराष्ट्रीय मानवीय सहायता में हमेशा से सक्रिय भूमिका निभाता रहा है. इससे पहले तुर्किये, नेपाल, म्यांमार, इंडोनेशिया और कई देशों में आए भूकंप, बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भी भारतीय बचाव दलों और विशेषज्ञ टीमों ने राहत कार्यों में अहम योगदान दिया था.
सूत्रों की मानें तो NDRF की टीम एडवांस सर्च एंड रेस्क्यू टूल्स, मेडिकल सपोर्ट सामग्री और विशेषज्ञ कर्मियों के साथ भेजी जा सकती है, ताकि मलबे में फंसे लोगों को निकालने और प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाने में मदद मिल सके.
यह भी पढ़ें: वेनेजुएला भूकंप: CCTV में कैद खौफनाक मंजर, बच्चे संग जाने बचाने भागती महिला पर गिरी दीवार
पीएम मोदी ने दिया मदद का भरोसा
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वेनेजुएला में आए आपदा पर शोक जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'वेनेजुएला में आए भयानक भूकंप से हुई तबाही से बहुत दुखी हूं. भारत के लोगों की ओर से, मैं वेनेजुएला की सरकार और लोगों के प्रति, खासकर उन परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है.'
पीएम मोदी ने आगे लिखा, 'हम घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करते हैं और इस मुश्किल समय में प्रभावित सभी लोगों के साथ खड़े हैं. भारत हर मुमकिन मदद देने के लिए तैयार है.'