scorecardresearch
 

'कुवैत ने गलती से मार गिराए हमारे तीन फाइटर जेट्स', F-15 क्रैश पर अमेरिका का बयान

अमेरिकी सेना के अनुसार ईरान के हमलों के बीच कुवैत ने गलती से अमेरिकी वायुसेना के तीन F-15E स्ट्राइक ईगल विमानों को मार गिराया. सभी छह एयरक्रू सुरक्षित बचा लिए गए हैं. घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं. F-15 ऑल-वेदर फाइटर जेट है, जो एयर सुपीरियॉरिटी और स्ट्राइक मिशनों में इस्तेमाल होता है. खामेनेई की मौत के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ गया है और ईरान अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहा है, जबकि अमेरिका-इजरायल ने चेतावनी दी है.

Advertisement
X
कुवैत ने अमेरिका के फाइटर जेट्स मार गिराए. Photo ITG
कुवैत ने अमेरिका के फाइटर जेट्स मार गिराए. Photo ITG

अमेरिकी सेना ने सोमवार को बताया कि ईरान के हमलों के दौरान एक लड़ाकू मिशन में कुवैत ने 'गलती से' अमेरिकी वायुसेना के तीन एफ-15ई स्ट्राइक ईगल विमानों को मार गिराया. अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड के अनुसार, इस लड़ाई में ईरानी विमानों, बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमले शामिल थे. यह पहली बार है जब युद्ध में ईरान के पुराने लड़ाकू विमान बेड़े ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया है.

सेंट्रल कमांड ने कहा, 'US एयर फोर्स के फाइटर जेट्स को कुवैती एयर डिफेंस ने गलती से मार गिराया.' सभी छह एयरक्रू सुरक्षित रूप से बाहर निकलने में सफल रहे, उन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया है और उनकी हालत स्थिर है. कुवैत ने इस घटना को स्वीकार किया है और जारी अभियान में सहयोग के लिए अमेरिकी सेना ने कुवैती रक्षा बलों के प्रयासों के प्रति आभार जताया है.

क्रैश हुए F-15 के वीडियो वायरल
कुवैत में गिराए गए F-15 लड़ाकू विमानों के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. एक वायरल वीडियो में विमान के क्रैश होने से ठीक पहले पायलट को इजेक्ट होते देखा जा सकता है. वहीं दूसरे वीडियो में जेट गिरने के बाद एक फाइटर पायलट को स्थानीय लोगों और कुवैती अधिकारियों द्वारा सुरक्षित बचाते हुए दिखाया गया है.

Advertisement

F-15 क्या है, जानिए इसकी खासियत
F-15 ईगल एक ऑल-वेदर टैक्टिकल फाइटर जेट है, जिसे हवा में एयर सुपीरियॉरिटी हासिल करने और बनाए रखने के लिए विकसित किया गया है. इसे हाई थ्रस्ट-टू-वेट रेशियो और कम विंग लोडिंग के साथ डिजाइन किया गया है, जिससे इसमें तेज एक्सेलेरेशन और बेहतरीन गतिशीलता मिलती है. यह बिना एयरस्पीड में ज्यादा कमी के तेज मोड़ लेने में सक्षम है. इसकी क्षमता को ट्विन टर्बोफैन इंजन और हल्के एयरफ्रेम का सपोर्ट मिलता है, जो एयर कॉम्बैट ऑपरेशंस के लिए मुफीद है.

उड़ रहे टारगेट को भी ट्रैक और डिटेक्ट कर सकता है
इस विमान में मल्टी-मिशन एवियोनिक्स सूट लगा है, जिसमें हेड-अप डिस्प्ले, पल्स-डॉप्लर रडार, इनर्शियल नेविगेशन सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम और आइडेंटिफिकेशन फ्रेंड ऑर फो (IFF) जैसी सुविधाएं शामिल हैं. इसका रडार लंबी दूरी और अलग-अलग ऊंचाई पर, यहां तक कि जमीन के पास उड़ रहे टारगेट को भी ट्रैक और डिटेक्ट कर सकता है. सारी जानकारी एक सेंट्रल कंप्यूटर में जाती है, जो हथियारों के इस्तेमाल में मदद करता है, जबकि हेड-अप डिस्प्ले पायलट को बिना नीचे देखे जरूरी उड़ान और टार्गेटिंग डेटा उपलब्ध कराता है.

F-15 विभिन्न एयर-टू-एयर हथियारों को ले जाने में सक्षम है, जिनमें AIM-120 AMRAAM और AIM-9 Sidewinder मिसाइलें शामिल हैं, साथ ही इसमें अंदर लगा 20 मिमी का M61A1 तोप भी होता है. इसमें दो सीटें हैं, और बेहतर क्वालिटी के एवियोनिक्स लगे हैं, जिससे हर मौसम में दिन और रात दोनों समय ऑपरेशन को अंजाम दिया जा सकता है. यह टेरेन-फॉलोइंग क्षमता और बेहतर रडार सिस्टम से लैस है, जिससे कम ऊंचाई पर तेज गति से प्रवेश संभव होता है.

Advertisement

मिडिल ईस्ट में बढ़ता तनाव
F-15 विमानों को गिराए जाने की घटना ऐसे समय में हुई है जब मिडिल ईस्ट में तनाव काफी बढ़ गया है. अमेरिका और इजरायल के हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद हालात और बिगड़ गए हैं.

ईरान अब पूरे क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहा है और खामेनेई की मौत का बदला लेने की बात कह रहा है. वहीं अमेरिका और इजरायल ने ईरान को आगे तनाव न बढ़ाने की चेतावनी दी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement