रणबीर कपूर की फिल्म रामायण रिलीज से पहले सुर्खियों में बनी हुई है. कास्टिंग, VFX, म्यूजिक के बाद इसके एक्टर्स की बयानबाजी पर सोशल मीडिया रिएक्टिव हुआ पड़ा है. रणबीर कपूर के बाद साई पल्लवी लोगों के निशाने पर आई हैं. 27 अक्टूबर को फिल्म के लॉस एंजेलिस में हुए वर्ल्ड प्रीमियर के दौरान साई ने रावण के व्यक्तित्व को लेकर बात की.
साई की किस बात पर बवाल?
साई ने कहा कि रावण पूरी तरह बुरा नहीं था. ये स्टेटमेंट सुनकर इंटरनेट पर कई लोग ऑफंड हो गए हैं. इवेंट में साई ने फिल्म और भारतीय संस्कृति को लेकर बात की. उनके मुताबिक, जो कोई भारतीय संस्कृति और महाकाव्यों को समझना चाहते हैं, ये मूवी उनके लिए अच्छी शुरुआत हो सकती है. वो कहती हैं- अगर रामायण को धर्मग्रंथ मानकर उसपर यकीन करते हैं, तो आत्मचिंतन करना जरूरी है. अपने अंदर मौजूद अच्छाइयों और बुराइयों को पहचानना चाहिए. समय के साथ खुद को सुधारकर बेहतर बनाना चाहिए. क्योंकि रावण भी पूरी तरह बुरा नहीं था. ये बेहद जरूरी है कि हम अपने भीतर के रावण को पहचाने और समय के साथ खुद को बदलने पर काम करें.
जैसे ही साई का ये बयान वायरल हुआ, लोगों के रिएक्शन आने लगे. कुछ लोगों ने कहा कि साई को अपने स्टेटमेंट को ठीक करना चाहिए. शख्स ने लिखा- कैसे कोई अपहरण करने वाले की तारीफ कर सकता है? वहीं कई यूजर्स ऐसे भी हैं जिन्होंने साई को सपोर्ट किया. एक शख्स ने लिखा- देश में कई जगह रावण को जलाया जाता है. कुछ जगह रावण को लोग पूजते हैं. इससे मालूम पड़ता है कि वो पूरी तरह बुरा नहीं था. दूसरे ने लिखा- साई ने ठीक कहा है. रावण शिवजी का भक्त था. महान म्यूजिशियन था. उसके अंदर अच्छाई भी थी. साई के समर्थकों का कहना है कि बिना वजह की बातों का मुद्दा बनाया जा रहा है.
दो पार्ट्स में बनी रामायण
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी रामायण दिवाली के मौके पर यानी 5 नवंबर को रिलीज हो रही है. ये फिल्म दो भागों में बनी है. मूवी में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे. सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में दिखंगे. मूवी का दूसरा पार्ट दिवाली 2027 के आसपास रिलीज होगा.