देशभर में इस समय दिवाली की धूम है. दीपों के इस त्योहार का उल्लास भारत के साथ-साथ विदेश में भी देखने को मिल रहा है. अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी दिवाली का पावन पर्व मनाया है. उन्होंने व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में दीया जलाकर दिवाली का जश्न मनाया.
शुक्रवार को ओवल ऑफिस में दिवाली का खास कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस दौरान अमरीका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा सहित कई प्रमुख भारतीय-अमेरिकी प्रशासनिक अधिकारी, बड़े बिजनेसमैन और दिग्गज कंपनियों के CEO मौजूद रहे.
व्हाइट हाउस में ट्रंप ने ओवल ऑफिस में दीया जलाकर दिवाली का जश्न शुरू किया. GOQii टेक्नोलॉजीज के फाउंडर और सीईओ विशाल गोंडल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस कार्यक्रम की तस्वीरें शेयर कीं. उन्होंने ट्रंप को 'हनुमान चालीसा' भी तोहफे में दी.
ट्रंप को गिफ्ट में मिला 'हनुमान चालीसा'
गोंडल ने लिखा, 'ओवल ऑफिस में रोशनी बांटने का एक ऐतिहासिक पल. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ दिवाली मनाना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात है. मुझे उन्हें हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट करने पर गर्व महसूस हो रहा है. गोस्वामी तुलसीदास का रचित ये पाठ हममें से लाखों लोग साहस, भक्ति और शक्ति के लिए पढ़ते हैं.'
इस खास कार्यक्रम में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और सोशल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन के डिप्टी कमिश्नर अर्जुन मोदी भी शामिल हुए.
इस दिवाली समारोह में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा के अलावा जाने-माने शेफ विकास खन्ना, उद्यमी विशाल गोंडल, IBM के सीईओ अरविंद कृष्णा, FBI निदेशक काश पटेल और यूएस नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के निदेशक जय भट्टाचार्य भी मौजूद रहे.
इसके साथ ही माइक्रोन टेक्नोलॉजी के संजय मेहरोत्रा, ढाला ग्रुप ऑफ कंपनीज की अध्यक्ष और सीईओ रूबी ढाला, नैक सिस्टम्स के संस्थापक और सीईओ राजीव शर्मा, के शवम डीसी के अध्यक्ष विश्वजीत मल्लामपति, राष्ट्रपति के अतिथि हेतलकुमार पटेल और व्हाइट हाउस इवेंट्स अशर अरविंद चड्ढा भी दिवाली सेलिब्रेशन का हिस्सा बने.
व्हाइट हाउस में दिवाली उत्सव का 23 साल पुराना इतिहास
व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की इस परंपरा की शुरुआत साल 2003 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने की थी. शुरुआती सालों में ये कार्यक्रम ज्यादातर आइजनहावर एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्यों और भारतीय राजनयिकों की मौजूदगी में आयोजित किया जाता था.
यह भी पढ़ें: ट्रंप-पुतिन और जिनपिंग एक साथ! चीन में इसी महीने हो सकती है ऐतिहासिक बैठक
इसके बाद साल 2009 में राष्ट्रपति बराक ओबामा व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में आयोजित समारोह के दौरान खुद दीया जलाने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बने थे. तब से लेकर आज तक व्हाइट हाउस के अलग-अलग हिस्सों जैसे ओवल ऑफिस और रूजवेल्ट रूम में दीया जलाने की ये परंपरा लगातार निभाई जा रही है.