फ्लाईदुबई फ्लाइट में को-पायलट के हमले में गंभीर रूप से घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार की सेहत को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है. वह अबू धाबी में इलाज करा रहे हैं और उनकी रिकवरी अच्छी चल रही है. भारतीय मिशन अबू धाबी में उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों और यूएई की संबंधित अथॉरिटीज के लगातार संपर्क में है.
भारतीय मिशन के मुताबिक, कैप्टन स्मित को जरूरी मेडिकल मदद दी जा रही है. डॉक्टर उनके सभी वाइटल्स और हेल्थ पैरामीटर्स की लगातार निगरानी कर रहे हैं. खास तौर पर उनकी आंखों की रोशनी पर डॉक्टरों की नजर बनी हुई है. हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि पूरी तरह ठीक होने में अभी कुछ समय लग सकता है.
यह भी पढ़ें: 'गाज़ा का बदला... शहीद होना चाहता था', फ्लाईदुबई के आतंकी को-पायलट हमाम अल हम्मामी का खुलासा
30 सितंबर को को-पायलट ने किया था हमला
30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट में कैप्टन स्मित मछार ड्यूटी पर थे. इसी दौरान आरोपी को-पायलट हमाम अल-हमामी ने पीछे से उनके सिर पर हमला कर दिया था. इस हमले में कैप्टन स्मित के सिर में गंभीर चोट आई और उनकी खोपड़ी में फ्रैक्चर हुआ. उनके हाथ और शरीर के दूसरे हिस्सों में भी चोटें आई थीं.
हमले के बाद भी स्मित ने हिम्मत नहीं छोड़ी और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे. इसके बाद यात्रियों और दूसरे क्रू मेंबर ने आरोपी को काबू करने में मदद की. घटना के दौरान विमान तेजी से नीचे आया था और बाद में उसे सऊदी अरब के तबुक में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी.
इलाज और जांच दोनों जारी
इस मामले की जांच यूएई की अथॉरिटीज कर रही हैं. आरोपी को-पायलट के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया भी जारी है. वहीं, भारतीय मिशन कैप्टन स्मित की सेहत को लेकर डॉक्टरों और यूएई अधिकारियों से लगातार अपडेट ले रहा है.
यह भी पढ़ें: जुलाई में ही फ्लाईदुबई प्लेन को हाईजैक करने वाला था ओमानी को-पायलट, क्रू दोस्त की वजह से टाला हमला
विदेश मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, स्मित के परिवार को उनके स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी लगातार दी जा रही है. फिलहाल डॉक्टर उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं और उनकी आंखों समेत सभी जरूरी हेल्थ पैरामीटर्स की निगरानी की जा रही है.
फ्लाईदुबई की इस घटना के बाद विमान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे थे, लेकिन इस दौरान कैप्टन स्मित की सूझबूझ और हिम्मत की भी काफी चर्चा हुई. अब उनकी सेहत में सुधार की खबर परिवार और देश के लिए राहत देने वाली है.