आप जिस घर में पिछले चार साल से रह रहे हों, अचानक उसी घर की छत पर आपको इंसानी दांतों का ढेर मिल जाए तो क्या होगा? जाहिर है, कोई भी इसे देखकर घबरा जाएगा. कुछ ऐसा ही एक शख्स के साथ हुआ. वह अपने घर की अटारी मतलब छत के नीचे बने बॉक्स में सामान निकालने गया था, लेकिन वहां जो कुछ मिला, उसे देखकर उसके होश उड़ गए.
उसे शक हुआ कि ये दांत इंसानों के हैं. इसके बाद तो उसके मन में तरह-तरह के ख्याल आने लगे. उसे अपने ही घर में किसी भूत-प्रेत के होने का डर सताने लगा.
100 साल पुराने घर की छत पर मिला दांतों का ढेर
डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला एक पुराने मकान का है, जिसके मालिक ने सोशल मीडिया पर भी अपना अनुभव साझा किया है. शख्स ने बताया कि वह करीब चार साल से इस घर में रह रहा है. उसके मुताबिक, घर साल 1900 में बना था, लेकिन उसे शक है कि यह इससे भी पुराना हो सकता है. इसकी वजह यह है कि आसपास के कई मकान भी काफी पुराने हैं.
एक दिन वह छत के नीचे बने बॉक्स में रखा सामान इधर-उधर कर रहा था. इसी दौरान उसकी नजर एक कोने में पड़े दांतों के ढेर पर पड़ी. उसे लगा कि ये इंसानी दांत हैं. यह देखकर वह बुरी तरह घबरा गया.
शख्स ने बताया कि वह लगभग चार साल से इस घर में रह रहा है, लेकिन इससे पहले उसकी नजर इन दांतों पर कभी नहीं पड़ी थी. उसे समझ नहीं आ रहा था कि आखिर इन दांतों का क्या किया जाए और ये यहां आए कहां से.
घर में भूत होने का होने लगा शक
दांत मिलने के बाद शख्स की परेशानी और बढ़ गई. उसने बताया कि पिछले दो साल से लगातार पतझड़ के मौसम में उसके साथ कुछ दुखद घटनाएं हुई थीं. अब उसे डर सताने लगा कि कहीं इन घटनाओं का संबंध छत पर मिले दांतों से तो नहीं है.
उसने यह भी कहा कि जब से वह इस घर में रहने आया है, उसे कई बार लगता रहा है कि घर में कोई भूत है. दांत मिलने के बाद उसका यह शक और गहरा हो गया.
डर के कारण उसने उस रात दांतों को वहीं छोड़ने का फैसला किया. उसे चिंता थी कि अगर उसने उन्हें वहां से हटाया तो कहीं कोई आत्मा नाराज न हो जाए. हालांकि, उसने यह भी माना कि डर के कारण उसके मन में ऐसे ख्याल आ रहे थे और उसे खुद भी एहसास था कि उसकी बातें अजीब लग सकती हैं.
पुराने मालिक से पूछताछ में सामने आई चौंकाने वाली बात
अटारी में मिले दांतों का रहस्य जानने के लिए शख्स ने घर के पिछले मालिक से संपर्क किया. उसे उम्मीद थी कि शायद पुराने मालिक को इस बारे में कुछ पता हो और उसकी चिंता दूर हो सके.
लेकिन बातचीत के दौरान जो जानकारी मिली, उसने इस रहस्य को और दिलचस्प बना दिया. शख्स के मुताबिक, पिछले मालिक ने बताया कि उसने साल 2005 में यह मकान खरीदा था. उससे पहले इस घर को किराये पर दिया जाता था. पुराने मालिक को भी दांतों के बारे में जानकारी थी और उसे भी लगता था कि ये इंसानी दांत हो सकते हैं.
इससे शख्स को अंदाजा हुआ कि दांत घर में काफी लंबे समय से पड़े हुए हैं. हालांकि, उन्हें वहां किसने रखा और इसके पीछे क्या वजह थी, इसका पता नहीं चल पाया.
अब दांतों को हटाने के बजाय वहीं छोड़ने का फैसला
शख्स ने बताया कि वह आत्माओं और बुरी शक्तियों से बचाने वाली चीजों में विश्वास करता है. इसलिए उसने फिलहाल यह मानने का फैसला किया कि शायद किसी ने इन दांतों को बहुत पहले घर की सुरक्षा के लिए वहां रखा होगा.
यह भी पढ़ें: स्पेस में तैर रहा 'शराब' से भरा इतना बड़ा बादल, जिसमें पूरी पृथ्वी समा जाए
उसका कहना था कि दांत काफी पुराने लगते हैं. कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर यह भी सवाल उठाया था कि कहीं वे मिट्टी या किसी दूसरी चीज का ढेर तो नहीं हैं. लेकिन शख्स अपने दावे पर कायम रहा कि वे वास्तव में दांत हैं.
फिलहाल उसने उन्हें अटारी के एक कोने में ही छोड़ने का फैसला किया है. अब वह अपने शहर की ऐतिहासिक संस्था से संपर्क करने की तैयारी कर रहा है, ताकि घर के पुराने इतिहास के बारे में ज्यादा जानकारी जुटा सके.
यह भी पढ़ें: बाइक पर हेल्मेट लॉक करने की निंजा टेक्निक, वायरल हो रहा वीडियो
हालांकि, अभी तक यह साबित नहीं हुआ है कि वे दांत इंसानों के ही हैं. न ही यह पता चला है कि उन्हें वहां किसने और किस मकसद से रखा था. ऐसे में इस पुराने मकान का रहस्य फिलहाल बरकरार है.