स्वीडन के थिंक टैंक स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) की नई रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने 12 परमाणु हथियार तैनात किए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, शांतिकाल में इतने बड़े पैमाने पर परमाणु हथियारों की तैनाती पहली बार दर्ज की गई है. वहीं, चीन ने भी अपने परमाणु हथियारों की तैनाती की संख्या 2025 के 24 से बढ़ाकर 2026 में 34 कर दी है.
SIPRI ने सोमवार को अपनी SIPRI Yearbook 2026 जारी करते हुए कहा कि दुनिया के देश अब राष्ट्रीय शक्ति के साधन के रूप में परमाणु हथियारों पर पहले से अधिक निर्भर होते जा रहे हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया भर में लगभग 4,012 परमाणु वॉरहेड ऐसे हैं जो मिसाइलों और विमानों के साथ तैनात स्थिति में हैं.
SIPRI के अनुसार, जनवरी 2026 तक दुनिया में कुल अनुमानित 12,187 परमाणु वॉरहेड मौजूद थे. इनमें से करीब 9,745 वॉरहेड सैन्य भंडार में संभावित इस्तेमाल के लिए रखे गए थे.
दुनिया के किन 9 देशों के पास हैं परमाणु बम?
रिपोर्ट में नौ परमाणु हथियार संपन्न देशों का उल्लेख किया गया है. ये हैं: अमेरिका, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, चीन, भारत, पाकिस्तान, उत्तर कोरिया और इजरायल.
वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, 2,100 से 2,200 तैनात वॉरहेड बैलिस्टिक मिसाइलों पर हाई ऑपरेशनल अलर्ट की स्थिति में रखे गए हैं.
रिपोर्ट में कहा गया है कि इनमें से लगभग सभी वॉरहेड रूस और अमेरिका के हैं, जबकि कुछ संख्या फ्रांस और ब्रिटेन की है. हालांकि, SIPRI का आकलन है कि चीन और भारत भी अब शांतिकाल के दौरान कभी-कभी मिसाइलों पर कम संख्या में परमाणु वॉरहेड तैनात कर सकते हैं.
जनवरी 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार: भारत के पास 12 तैनात परमाणु वॉरहेड हैं. चीन के पास 34 तैनात परमाणु वॉरहेड हैं, जो 2025 के 24 से 10 ज्यादा हैं. तैनात परमाणु वॉरहेड की संख्या के मामले में रूस सबसे आगे है. अमेरिका के पास 1,770, रूस के पास 1,796, फ्रांस के पास 280 और ब्रिटेन के पास 120 तैनात परमाणु वॉरहेड हैं.