scorecardresearch
 

रमजान महीने के पहले दिन पाकिस्तान के कराची में गैस विस्फोट से इमारत ढही, 16 लोगों की मौत, कई घायल

पाकिस्तान के कराची में एक इमारत में खाना पकाने के दौरान हुए ब्लास्ट में 16 लोगों की जान चुकी है. इसके अलावा कई लोग घायल हैं. राहत और बचाव का काम तेजी से जारी है और राष्ट्रपति जरदारी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं.

Advertisement
X
रमजान के पहले दिन कराची में बड़ा हादसा हुआ (Photo: AP)
रमजान के पहले दिन कराची में बड़ा हादसा हुआ (Photo: AP)

Karachi Building Collapse in Gas Explosion: रमजान महीने के पहले दिन पाकिस्तान के सबसे बड़े बंदरगाह वाले शरह में ज़ोरदार धमाका हुआ है. यह धमाका खाने पकाने के दौरान हुआ. धमाका इतना ज़ोरदार था कि इमारत का एक हिस्सा ढह गया. इस हादसे में अब तक 16 लोगों की जान चुकी है. मरनेवालों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं. राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने घटना पर दुख जताया है. राहत और बचाव का काम तेजी से जारी है.

सिंध प्रांत की राजधानी कराची के एक रिहायशी इलाके में रमजान के पहले दिन सुबह सहरी की तैयारी के दौरान एक भयंकर धमाका हुआ. स्थानीय पुलिस और राहत अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब लोग सुबह का खाना तैयार कर रहे थे. 

पुलिस प्रमुख रिजवान पटेल ने बताया कि शुरू में 13 लोगों की मौत की जानकारी मिली थी, लेकिन मलबे से तीन और शव निकाले जाने पर मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई.

राहतकर्मी अभी भी मलबा हटाकर फंसे लोगों को खोजने में लगे हुए हैं. धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आस-पड़ोस के लोग सहायता के लिए जुटे. घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है.

karachi explosion
बचावकर्मियों ने मलबे के बीच से पीड़ित का शव निकाला (Photo: AFP)

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के कराची में संग्राम! जमात-ए-इस्लामी कार्यकर्ताओं पर पुलिस का लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले भी दागे

Advertisement

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की. उन्होंने अधिकारियों को घायल लोगों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए. 

इसके अलावा, उन्होंने बचाव कार्य को जल्दी से पूरा करने और सिंध सरकार से बिल्डिंग कोड लागू कराने, गैस सिलेंडर की सुरक्षा जांच करने और मामले की पूरी जांच कराने को कहा, ताकि भविष्य में ऐसी आपदाएं ना हों.

कराची समेत पाकिस्तान के कई इलाकों में घरों में खाना बनाने के लिए प्राकृतिक गैस का उपयोग होता है, लेकिन गैस की सप्लाई कम दबाव के कारण कई परिवार एलपीजी सिलेंडर पर निर्भर हैं. इससे पहले जुलाई में इस्लामाबाद में एक शादी समारोह के बाद भी गैस विस्फोट हो चुका है, जिसमें आठ लोगों की जान गई थी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement