scorecardresearch
 

पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक से फिर दहला अफगानिस्तान, 10 ठिकानों को बनाया निशाना

अफगानिस्तान के कंधार शहर के नौवें जिले में पाकिस्तानी सेना ने गुरुवार तड़के करीब 3 बजे हमला किया. तालिबान के मुताबिक, हमले में किसी के हताहत होने या नुकसान की खबर नहीं है.

Advertisement
X
पाकिस्तान ने एक हफ्ते में दूसरे बार यह हमला किया है. (सांकेतिक तस्वीर)
पाकिस्तान ने एक हफ्ते में दूसरे बार यह हमला किया है. (सांकेतिक तस्वीर)

पाकिस्तान ने गुरुवार तड़के अफगानिस्तान में 10 ठिकानों पर एयरस्ट्राइक करने का दावा किया है. पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तारड़ ने कहा कि इन ठिकानों का इस्तेमाल एक दिन पहले पाकिस्तान पर ड्रोन हमले करने के लिए किया गया था. इस कार्रवाई के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है.

पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक, अफगान तालिबान की तरफ से पाकिस्तान पर 8 ड्रोन भेजे गए थे और सीमा चौकियों पर गोलाबारी भी की गई थी. पाकिस्तान का कहना है कि इन सभी ड्रोन को सीमा में दाखिल होने से पहले मार गिराया गया और इससे कोई नुकसान नहीं हुआ. हालांकि, तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने बुधवार को अफगान तालिबान की ओर से किसी हमले से इनकार किया था.

यह भी पढ़ें: दुनिया में खुल चुके हैं 5 वॉर जोन... यूक्रेन-रूस, हूती-सऊदी, ईरान-US, जापान-कोरिया, पाकिस्तान-अफगानिस्तान

सीमा पर भी हुई गोलाबारी

पाकिस्तानी अधिकारियों ने दावा किया कि अफगानिस्तान के पक्तिया और नंगरहार प्रांतों के पास से कुछ लड़ाकों ने पाकिस्तान में घुसने की कोशिश की. पाकिस्तान ने इन लड़ाकों को ‘फितना-उल-खवारिज’ कहा है, जिसका इस्तेमाल वह तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के लिए करता है. पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक, घुसपैठ की कोशिश नाकाम होने के बाद अफगान तालिबान ने पाकिस्तानी सीमा चौकियों पर मोर्टार और भारी हथियारों से हमला किया.

Advertisement

इसके जवाब में पाकिस्तानी सेना ने तालिबान की सीमा चौकियों, मोर्टार ठिकानों और दूसरे रक्षा ठिकानों पर तोपों से हमला किया. अधिकारियों ने दावा किया कि तालिबान की कुछ चौकियां बाद में खाली कर दी गईं और वहां नुकसान हुआ. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.

दो दिन पहले भी किया था हमला

पाकिस्तान ने सोमवार को भी पूर्वी अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक की थी. पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने 28 आतंकियों के मारे जाने का दावा किया था, जबकि अफगान अधिकारियों ने कम से कम 3 नागरिकों की मौत और 4 लोगों के घायल होने की बात कही थी. संयुक्त राष्ट्र के अफगानिस्तान मिशन ने भी नागरिकों के हताहत होने की पुष्टि की थी.

यह भी पढ़ें: लो फ्लाइंग जेट, तड़के 4 बजे एयरस्ट्राइक... अफगानिस्तान में पाकिस्तान का बम तो गिरा लेकिन खाली घर पर!

इससे पहले खैबर पख्तूनख्वा के हंगू में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में 6 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए थे. पास के कोहाट में पुलिस परिसर की मस्जिद में आत्मघाती हमला और उसके बाद हुई 20 घंटे की मुठभेड़ में कम से कम 21 लोगों की मौत हुई थी. पाकिस्तान इन हमलों के लिए पाकिस्तानी तालिबान और उससे जुड़े आतंकी गुटों को जिम्मेदार ठहराता रहा है.

Advertisement

पाकिस्तान की ताजा एयरस्ट्राइक, ड्रोन हमले और सीमा पर गोलाबारी से दोनों देशों के बीच कई हफ्तों से बनी शांति फिर खत्म होती दिख रही है. चीन, तुर्की, कतर और सऊदी अरब दोनों देशों के बीच तनाव कम करने की कोशिश कर रहे हैं, ऐसे में ताजा घटनाक्रम इन मध्यस्थता प्रयासों को भी प्रभावित कर सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement