scorecardresearch
 

नेपाल 'बोलबम' यात्रा हिंसा: सांप्रदायिक तनाव के बाद भारत से सटे जिले में लगा कर्फ्यू

नेपाल के सुनसरी जिले में धार्मिक विवाद के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. हिंसा में एक व्यक्ति की मौत के बाद प्रशासन ने कई इलाकों में अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू लागू कर दिया है.

Advertisement
X
बिहार सीमा से सटे नेपाल के इलाके में तैनात सुरक्षा बल. (Photo: screen grab)
बिहार सीमा से सटे नेपाल के इलाके में तैनात सुरक्षा बल. (Photo: screen grab)

नेपाल के भारत से सटे इलाके में धार्मिक विवाद ने हालात को तनावपूर्ण बना दिया है. सुनसरी जिले के देवानगंज-3 में बोलबम यात्रा के दौरान दो धार्मिक समुदायों के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. हालात संभालने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए. घटना के बाद प्रशासन ने जिले के कई इलाकों में अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू लागू कर दिया है.

सुनसरी जिले के कई इलाकों में सोमवार से कर्फ्यू लगा हुआ है. फिलहाल, प्रशासन ने हरिनगरा, भुटाहा, कप्तानगंज, घुस्की और देवानगंज बाजारों में लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है. मंगलवार को भी इन इलाकों में सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक पाबंदियां लागू रहीं. इसके बाद प्रशासन ने घोषणा की कि हालात सामान्य होने तक कर्फ्यू अगले आदेश तक जारी रहेगा.

लाउडस्पीकर और झंडों को लेकर शुरू हुआ विवाद

पूरा मामला रविवार को देवानगंज-3 स्थित कप्तानगंज इलाके में शुरू हुआ. न्यूज एजेंसी के मुताबिक, दो धार्मिक समुदाय अलग-अलग कार्यक्रम कर रहे थे. इसी दौरान लाउडस्पीकर के इस्तेमाल और धार्मिक झंडों को लेकर विवाद हुआ. पहले दोनों पक्षों में बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हिंसा तक पहुंच गया. स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा. पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए गोली चलाई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई. इस हिंसा में सुरक्षाकर्मियों समेत एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. पुलिस के अनुसार, घायलों में दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है.

Advertisement

सुनसरी से गुजरने वाले ईस्ट-वेस्ट हाईवे पर यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ घंटे के लिए कर्फ्यू में छूट दी गई. सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक लोगों को आने-जाने की अनुमति दी गई, लेकिन इसके बाद फिर से पाबंदी लागू कर दी गई. प्रशासन ने कहा कि हाईवे पर भी अगले आदेश तक कर्फ्यू जारी रहेगा.

तनाव के बीच सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) ने सभी पक्षों से शांति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की है. पार्टी ने घटना की निष्पक्ष और जल्द जांच की मांग की है. साथ ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई, पीड़ितों को मुआवजा और घायलों के मुफ्त इलाज की व्यवस्था करने की बात कही है.

सुनसरी में हुई हिंसा के बाद पड़ोसी मोरंग जिले में भी प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है. वहां धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों में डीजे के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है.

सुनसरी नेपाल का सीमावर्ती जिला है, जिसकी सीमा बिहार से जुड़ती है. भारत-नेपाल के बीच आवाजाही और व्यापार के लिहाज से इसकी अहम भूमिका है. इसलिए यहां बढ़ा तनाव प्रशासन की चिंता बढ़ा रहा है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement